हरियाणा में अवैध कॉलोनियों पर गरजा बुलडोजर, तोड़े गए मकान

 
हरियाणा के रोहतक जिले के उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने कहा है कि जिला प्रशासन द्वारा जिला के नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्र में अवैध निर्माण/कॉलोनियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गांव रोहतक में एक अवैध कॉलोनी में दो निर्माण, 37 नींव, इंटरलॉक टाइल नेटवर्क, सीवरेज पाइप लाइन व कच्चा रोड़ नेटवर्क को ध्वस्त किया गया।

अवैध कॉलोनियों पर कसा शिकंजा

धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा तथा जिला में अवैध कालोनी/निर्माण को पनपने नहीं दिया जाएगा। आज इस अभियान के दौरान जिला नगर योजनाकार कार्यालय तथा नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी के अलावा किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल मौजूद रहा।

अवैध कॉलोनियों में ना करें पूंजी निवेश

उन्होंने कहा कि नागरिक अपने जीवन की जमा पूंजी को अवैध कालोनी/निर्माण में निवेश न करें। ऐसी कालोनियों व निर्माण के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर अभियान चलाया जाता है।

जिला नगर योजनाकार की लोगों से अपील

जिला नगर योजनाकार सुमनदीप ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी जीवन की पूंजी अवैध निर्माणों में या डीलर/भू-मालिकों के द्वारा काटी जा रही अवैध कालोनियों में निवेश न करें क्योंकि इस तरह की विभागीय कार्यवाही समय-समय पर प्रशासन द्वारा अमल में लाई जायेगी। उन्होंने कहा है कि आमजन अपनी पूंजी को निवेश करने से पहले उनके कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस में आकर पूछताछ कर सकते है।