बेरी विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ व सुपरवाइजर को एसआईआर-2026 के पोस्ट ड्राफ्ट चरण का दिया गया प्रशिक्षण
झज्जर, 30 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग के एसआईआर-2026 अभियान के पोस्ट ड्राफ्ट चरण के तहत गुरुवार को संवाद भवन में बेरी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े निर्वाचन अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन तथा एसडीएम बेरी रेणुका नांदल की देखरेख में संपन्न हुआ। इसमें अतिरिक्त सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ), बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया।
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना करें अधिकारी : डीसी
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कहा कि अपडेट और त्रुटिरहित मतदाता सूची मजबूत लोकतंत्र की पहचान है। निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। इसी उद्देश्य से अधिकारियों को नवीन दिशा-निर्देशों, कानूनी प्रावधानों और तकनीकी प्रक्रियाओं का विस्तृत प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत संवेदनशील और जिम्मेदारी पूर्ण है। सभी अधिकारी पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा आयोग के प्रत्येक दिशा-निर्देश का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण प्राप्त अधिकारी बेरी विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न करेंगे।
दावे एवं आपत्तियों का होगा नियमों के अनुरूप निस्तारण
निर्वाचन उप तहसीलदार कुलदीप ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स ने अधिकारियों को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद प्राप्त होने वाले दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण निर्धारित नियमों एवं समय सीमा के भीतर करने की प्रक्रिया समझाई। नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, प्रविष्टियों में संशोधन, पते में बदलाव तथा अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने से संबंधित प्रत्येक आवेदन का विधिसम्मत परीक्षण की जानकारी दी गई।
ईसीआईनेट पोर्टल पर ऑनलाइन प्रक्रिया का कराया गया व्यवहारिक प्रशिक्षण
इस दौरान अधिकारियों को नोटिस जारी करने, सुनवाई निर्धारित करने, दस्तावेजों के सत्यापन, ईसीआईनेट पोर्टल पर ऑनलाइन कार्यवाही, दस्तावेज अपलोड करने तथा विभिन्न श्रेणियों के मामलों के डिजिटल निस्तारण की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही डिजिटल मॉड्यूल का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी कराया गया, ताकि सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी, समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरी की जा सकें।
इस अवसर पर कानूनगो मनोज कुमार ,अनिल दलाल सहित सभी अतिरिक्त सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ उपस्थित रहे।
