बीजेपी सरकार का किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने का दावा पूरी तरह से खोखला है:चौधरी अभय सिंह चौटाला

 


इंडियन नेशनल लोकदल

धान एवं बाजरा खरीद के साथ-साथ डीएपी और यूरिया की उपलब्धता को लेकर भी किसान बेहद परेशान हैं, रबी की बिजाई के समय खाद की कमी और कालाबाजारी सरकार की शह पर हो रही है

चंडीगढ़, 7 अक्टूबर। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा की मंडियों में धान की धीमी खरीद, उठान में देरी और किसानों को हो रही परेशानी को लेकर भाजपा सरकार पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को दो दर्जन फसलों पर एमएसपी देने का दावा करती है, लेकिन जमीन पर किसान अपनी धान की फसल बेचने के लिए मंडियों में इंतजार करने को मजबूर हंै।
चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि बीजेपी सरकार का किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने का दावा पूरी तरह से खोखला साबित हुआ है। अब तक हरियाणा के 249 खरीद केंद्रों पर करीब 8.92 लाख मीट्रिक टन धान पहुंच चुका है, लेकिन एमएसपी पर खरीदने की चाल बेहद धीमी है। नमी, राइस मिलर्स की कमी और पिछले सीजन के स्टॉक का उठान लंबित होने से किसान परेशान हैं। मंडियों में जगह की कमी, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतारें और खरीद में देरी का सीधा आर्थिक बोझ किसानों पर पड़ रहा है। किसान को अपनी फसल के लिए इंतजार के साथ-साथ साधन और किराये का खर्च भी उठाना पड़ रहा है। कई मंडियों में एमएसपी खरीद शुरू होने के बाद मंडी के बाहर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें लग गई हैं। यदि सरकार ने समय रहते मंडियों में पर्याप्त खरीद, उठान, बारदाना और भंडारण की व्यवस्था की होती तो किसानों को यह परेशानी नहीं झेलनी पड़ती।
धान एवं बाजरा खरीद के साथ-साथ डीएपी और यूरिया की उपलब्धता को लेकर भी किसान बेहद परेशान हैं। रबी की बिजाई के समय खाद की कमी और कालाबाजारी सरकार की शह पर हो रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रचार और आयोजनों से बाहर निकलकर मंडियों के असली हालात देखे, किसानों की फसल की एमएसपी पर समयबद्ध खरीद सुनिश्चित करे, लंबित धान का तत्काल उठान करवाए और खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करे।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पार्टी की तरफ से महामहिम राज्यपाल से मिलने का समय मांगा गया है। धान, बाजरा खरीद और खाद एवं डीएपी की कमी पर एक प्रतिनिधिमंडल महामहिम राज्यपाल से मिलकर ज्ञापन देंगे।