Haryana: हरियाणा के प्राइमरी टीचर्स के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है। प्राइमरी टीचर्स की SP (एश्योर्ड करियर प्रमोशन) में आ रही परेशानी जल्द ही खत्म होंगी। जुलाई में ऑनलाइन ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। प्रदेश के CM नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन की मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए जल्द ही ठोस कदम उठाने का भरोसा दिलाया है। वहीं प्रदेश के शिक्षामंत्री महीपाल ढांडा ने विश्वविद्यालयों के पात्र अनुबंधित सहायक प्रोफेस्सोर्स सेवाएं सुरक्षित करने का वादा दोहराया है।
50 प्रतिशत अंकों की शर्त हटाकर पदोन्नति करने की मांग
हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष हरिओम राठी, प्रदेश महासचिव बलजीत पूनिया और प्रदेश कोषाध्यक्ष चतर सिंह की अगुवाई में मुख्यमंत्री निवास पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए मांगों से अवगत कराया। इस दौरान सभी प्राथमिक स्कूलों में मुख्य शिक्षक का पद सृजित कर पदोन्नत करने, अंतर जिला स्थानांतरण एवं सामान्य तबादले शुरू करने, प्राथमिक विद्यालयों में नियमित सफाई कर्मचारी व चपरासी की व्यवस्था, शिक्षकों से गैर शैक्षणिक कार्य न कराने, पदोन्नति व एसीपी में 50 प्रतिशत अंकों की शर्त हटाकर पदोन्नति करने व वंचित शिक्षकों की एसीपी का लाभ देने, मेडिकल अवकाश देने और कैशलेस मेडिकल सुविधा प्रदान करने की मांग की गई।
ढांडा को सौंपा ज्ञापन
हरियाणा यूनिवर्सिटीज कांट्रेक्चुअल टीचर्स एसोसिएशन (हुकटा) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विजय मलिक की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षामंत्री महीपाल ढांडा को ज्ञापन सौंप कर सेवा सुरक्षा प्रदान करने की मांग की। साथ ही सेवा सुरक्षा का कानून बनने तक विश्वविद्यालयों में कार्यरत पात्र अनुबंधित असिस्टेंट प्रोफेसरों को कार्यमुक्त न करने के लिए एक्सटेंशन लेक्चरर की तरह निर्देश जारी कराने का अनुरोध किया। इस पर शिक्षा मंत्री ढांडा ने कहा कि सरकार सभी यूनिवर्सिटी के अनुबंधित असिस्टेंट प्रोफेसरों को सेवा सुरक्षा प्रदान करेगी। नया कानून बनने तक कार्यमुक्त न करने का पत्र भी जारी कराएंगे।