युवाओं के लिए बड़ा अवसर, हरियाणा की ऐतिहासिक दस्तावेजी विरासत से जुड़ेंगे इंटर्न
गुरुग्राम । हरियाणा राज्य अभिलेखागार विभाग द्वारा राज्य की प्रशासनिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक अभिलेखीय धरोहर के संरक्षण, प्रबंधन एवं अध्ययन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘धरोहर शास्त्री इंटर्नशिप कार्यक्रम’ शुरू किया जा रहा है।
डीसी उत्तम सिंह ने विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं अभिलेखीय विषयों में रुचि रखने वाले युवाओं से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। डीसी ने कहा कि यह इंटर्नशिप युवाओं को हरियाणा की महत्वपूर्ण दस्तावेजी विरासत को करीब से समझने तथा अभिलेखीय कार्यों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में अपनी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ संरक्षण, अभिलेखीकरण एवं डिजिटलीकरण जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक कौशल विकसित करना है।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों के अनुरूप है, जिसमें अनुभवात्मक शिक्षा, कौशल विकास एवं धरोहर जागरूकता को प्रोत्साहित किया गया है। इंटर्नशिप की अवधि एक माह होगी। इतिहास विषय में डिप्लोमा धारक, स्नातक (द्वितीय वर्ष से), स्नातकोत्तर एवं शोधार्थी; अभिलेख विज्ञान से संबंधित इतिहास, धरोहर एवं पुरातन विषयों में रुचि रखने वाले व्यक्ति; पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के उपयुक्त शैक्षणिक दस्तावेज वाले विद्यार्थी तथा अन्य सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी विषयों के मान्यता प्राप्त संस्थान अथवा प्रासंगिक पृष्ठभूमि वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
डीसी ने इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन करते समय सीवी, उद्देश्य विवरण तथा अन्य सहायक दस्तावेजों के साथ पंजीकरण फॉर्म भरने की अपील की है। कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को हरियाणा की अभिलेखीय धरोहर एवं दस्तावेजों से जुड़ने के साथ-साथ संरक्षण, अभिलेखीकरण एवं डिजिटलीकरण की व्यावहारिक समझ हासिल करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम से संबंधित अधिक जानकारी के लिए हरियाणा राज्य अभिलेखागार विभाग की वेबसाइट, ई-मेल अथवा दूरभाष नंबर 0172-2992112 पर संपर्क किया जा सकता है। विभाग की वेबसाइट www.haryanaarchives.gov.in है।
