हरियाणा की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, 1.80 लाख तक आय वाले परिवार भी लाडो लक्ष्मी योजना में शामिल

 
हरियाणा की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, 1.80 लाख तक आय वाले परिवार भी लाडो लक्ष्मी योजना में शामिल

रोहतक | प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और सामाजिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा अब और विस्तृत कर दिया गया है। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि योजना के तहत अब 1.80 लाख तक वार्षिक आय वाले परिवारों की पात्र महिलाओं को भी लाभ प्रदान किया जाएगा। पात्र महिलाओं को हर माह 2,100 की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

उपायुक्त ने बताया कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने तथा परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में सहयोग मिलेगा। उन्होंने पात्र महिलाओं से योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करने का आह्वान किया।
 

उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि योजना के तहत अब तक प्रदेश की करीब 10 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 2,000 करोड़ से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। योजना के लिए बजट में 6,500 करोड़ का प्रावधान किया गया है।