Haryana News: हरियाणा में सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर, सैनी सरकार ने लिया ये फैसला

 
Big news for government employees in Haryana

Haryana News: हरियाणा की सरकार ने सभी प्रशासकीय सचिवों को निर्देश दिए है। जिसमें कहा गया है कि सेवानिवृत्ति से पहले, अंतिम छह महीनों की सेवा अवधि में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को जीपीएफ अग्रिम (एडवांस) की स्वीकृति न दी जाए।ये निर्देश सामान्य भविष्य निधि (JPF) से संबंधित प्रक्रियाओं में अनियमितताओं को रोकने के उद्देश्य से जारी किए गए हैं।

दरअसल, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने इस संबंध में एक पत्र जारी किया है। जिसमें कहा है कि कर्मचारी की सेवानिवृत्ति की तारीख से पूर्व 12 महीनों में स्वीकृत किए गए अग्रिम या निकासी की जानकारी अनिवार्य रूप से प्रपत्रों में दर्ज और प्रशासनिक विभाग की ओर प्रमाणित की जानी चाहिए।इसके अलावा, अंतिम भुगतान का मामला प्रधान महालेखाकार के कार्यालय को भेजने के बाद, अगर किसी अपवादात्मक परिस्थिति में अग्रिम स्वीकृत किया जाता है तो इसकी सूचना तुरंत आधिकारिक ईमेल या अन्य औपचारिक माध्यम से दी जानी चाहिए ताकि भुगतान में आवश्यक समायोजन किया जा सके।

इस वजह से लिया फैसला 

पत्र के अनुसार, वित्त विभाग के संज्ञान में आया है कि कुछ प्रशासनिक विभाग और डीडीओ, जीपीएफ अंतिम भुगतान मामलों को प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी) के कार्यालय को भेजने के बाद भी वसूली योग्य या गैर-वसूली योग्य अग्रिम स्वीकृत कर रहे हैं। इसके साथ ही कई मामलों में यह भी पाया गया है कि जीपीएफ अंतिम भुगतान से जुड़े पीएफ-09 और पीएफ-10 प्रपत्रों में अग्रिम या निकासी से संबंधित अनिवार्य विवरण, विशेषकर सेवानिवृत्ति की तिथि से पूर्व 12 महीनों की अवधि से जुड़े विवरण, सही प्रकार से नहीं भरे जा रहे हैं और न ही प्रशासनिक विभाग द्वारा प्रमाणित किए जा रहे हैं।

ऐसे होता है जीपीएफ़ का भुगतान 

वित्त विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की चूक से भुगतान में गड़बड़ी और अधिक भुगतान की संभावना बढ़ जाती है, जिससे राज्य को वित्तीय हानि हो सकती है। पत्र में कहा गया है कि जीपीएफ अंतिम भुगतान के मामलों का “ऑनलाइन सबमिशन” केवल ’’ऑनलाइन डायरी मैनेजमेंट सिस्टम (ओडीएमएस)’’ के माध्यम से किया जाता है, जबकि अग्रिम और आहरण से संबंधित कार्य सरकार के ’’ई-बिलिंग पोर्टल (T&A)/NIC’’ पर किए जाते हैं। इन दोनों पोर्टल के बीच डेटा इंटीग्रेशन न होने और कुछ डीडीओ की ओर से दिए गए निर्देशों का पालन न करने की वजह से यह समस्या बार-बार सामने आ रही है।


सभी खजाना अधिकारियों और डीडीओ को जारी हुए निर्देश 

राज्य सरकार ने इस विषय को गंभीर मानते हुए सभी खजाना अधिकारियों और डीडीओ को निर्देश दिए हैं कि वे हरियाणा सिविल सेवा (जीपीएफ) नियम, 2016 का अक्षरशः का पालन करना सुनिश्चित करें।