भिवानी, 20 नवंबर। जनगणना कार्य को त्रुटिरहित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। इसी कड़ी में जनगणना कार्य निदेशालय, हरियाणा के निदेशक ललित जैन आईएएस की देखरेख और मार्गदर्शन में चंडीगढ़ में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में पूरे हरियाणा के साथ-साथ भिवानी जिले से मास्टर ट्रेनर डॉ. आनंद प्रकाश और डॉ. अजीत कुमार ने भाग लिया।
तीन दिवसीय इस गहन प्रशिक्षण शिविर के दौरान मास्टर ट्रेनर्स को जनगणना से जुड़े दिशा-निर्देशों, तकनीकी पहलुओं और डेटा संकलन की बारीकियों से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के तीसरे दिन प्रतिभागियों ने चंडीगढ़ में फील्ड विजिट (क्षेत्रीय भ्रमण) भी किया, ताकि जमीनी स्तर पर डेटा एकत्रित करते समय आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों को समझा जा सके। राज्य स्तरीय प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अब डॉ. आनंद प्रकाश और डॉ. अजीत कुमार भिवानी जिले में अगले चरण के प्रशिक्षण की कमान संभालेंगे।
नगराधीश अनिल कुमार ने बताया कि जिला प्रिंसिपल सेंसस ऑफिसर एवं डीसी साहिल गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन और देखरेख में आगामी 1, 2 और 3 दिसंबर को जिले के विभिन्न महाविद्यालयों (कॉलेजों) से चयनित 54 फील्ड ट्रेनर्स के लिए तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के पश्चात ये सभी 54 फील्ड ट्रेनर्स भविष्य में जिले के लगभग 3,000 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। इसके बाद ये सभी प्रगणक और पर्यवेक्षक 25 जनवरी से 28 फरवरी तक भिवानी जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर वास्तविक डेटा संकलन का कार्य करेंगे। प्रशासन का लक्ष्य है कि त्रि-स्तरीय प्रशिक्षण प्रणाली के माध्यम से जनगणना कार्य शत-प्रतिशत सटीकता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जा सके।
