11 अक्टूबर को बहादुरगढ़ बनेगा हरियाणा सफाई महाकुंभ में भागीदार, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की तैयारी: डीसी

 
11 अक्टूबर को बहादुरगढ़ बनेगा हरियाणा सफाई महाकुंभ में भागीदार, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की तैयारी: डीसी


वेस्ट जुआ ड्रेन रोड पर सुबह 6 से 9 बजे तक चलेगा सफाई अभियान, अधिकारी-कर्मचारी व सामाजिक संगठन करेंगे सहभागिता

डीसी वर्षा खांगवाल ने हरियाणा सफाई महाकुंभ की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश

बहादुरगढ़, 06 अक्टूबर

देश की राजधानी दिल्ली से सटे औद्योगिक शहर बहादुरगढ़ आगामी 11 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से 9 बजे तक हरियाणा सफाई महाकुंभ में भागीदार बनने जा रहा है। इस महाकुंभ के माध्यम से झज्जर जिला गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की मुहिम में अपनी अग्रणी भूमिका निभाएगा। महाकुंभ की तैयारियों को लेकर मंगलवार को लघु सचिवालय में डीसी वर्षा खांगवाल की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीसी ने संबंधित विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आयोजन स्थल का भी डीसी ने सम्बन्धित अधिकारियों के साथ मौका मुआयना भी किया।
एडीसी एवं डीएमसी जगनिवास ने डीसी का स्वागत करते हुए हरियाणा सफाई महाकुंभ की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि सफाई महाकुंभ बहादुरगढ़ के वेस्ट जुआ ड्रेन रोड पर आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, सामाजिक संगठन तथा अन्य संस्थाएं सक्रिय रूप से भाग लेंगी।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि इतने बड़े स्तर पर आयोजित होने वाले सफाई महाकुंभ को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महाकुंभ से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाए और अधिकारी स्वयं फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। उन्होंने कहा कि अभियान केवल एक स्थान की सफाई तक सीमित न रहकर स्वच्छता के प्रति नागरिकों में सकारात्मक संदेश देने वाला जनभागीदारी का कार्यक्रम बने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सफाई उपकरण, कर्मचारियों की तैनाती, कचरा उठान, परिवहन, पेयजल सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्वच्छता कार्य के साथ-साथ सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर भी फोकस
डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हरियाणा सफाई महाकुंभ के दौरान स्वच्छता कार्य के साथ-साथ सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें और किसी भी स्तर पर आपसी तालमेल में कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 11 अक्टूबर को बहादुरगढ़ में होने वाला यह सफाई महाकुंभ स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का संदेश देगा। उन्होंने अधिकारियों से आह्वान किया कि इस महाकुंभ को सफल बनाने के लिए पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, ईओ नगरपरिषद बहादुरगढ़ संजय रोहिल्ला सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।