समाधान शिविर में उपायुक्त महेंद्र पाल ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश 

 
समाधान शिविर में उपायुक्त महेंद्र पाल ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश 


हिसार, 19 नवंबर।जिला प्रशासन की ओर से वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में उपायुक्त महेंद्र पाल ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को इनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि शिकायतों के निपटारे में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक शिकायत पर की गई कार्रवाई की नियमित निगरानी की जाए। शिविर में आर्य नगर निवासी कुलवंत सिंह द्वारा जमीन की पैमाइश संबंधी शिकायत पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने तहसीलदार को मामले की जांच कर आगामी कार्यवाही अमल में लाने के निर्देश दिए। 12 क्वार्टर निवासी हिमांशु कुकरेजा की फैमिली आईडी को ठीक करवाने की मांग पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को त्रुटि के समाधान की दिशा में उचित कदम उठाने की हिदायत दी। ग्लोबल स्पेस निवासी एक प्रार्थी द्वारा रिहायशी प्लॉट की खरीदारी में धोखाधड़ी और जालसाजी करके पैसे वापस न करने संबंधी शिकायत पर उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाने को कहा।
इस अवसर पर नगराधीश रोहित कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह, डिप्टी सीईओ कीर्ति सिरोहीवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।