हरियाणा के टूरिस्ट से ASI ने मांगी पार्टी, SP ने किया लाइन हाजिर; विभागीय जांच के दिए आदेश
हरियाणा के एक टूरिस्ट से नई गाड़ी की पार्टी मांगना ASI को महंगा पड़ गया। एएसआई ने चेकिंग के दौरान टूरिस्ट से नई गाड़ी की मिठाई मांगी थी। जिसके बाद अब SP ने ASI को लाइन हाजिर कर उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए है।
क्या है मामला ?
मिली जानकारी के अनुसार मामला कांगड़ा जिले के देहरा का है। बीते 25 अगस्त को यहां जसवां परागपुर में पुलिस रूटीन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने हरियाणा के टूरिस्ट की गाड़ी को रोका।
एएसआई ने मांगी गाड़ी की पार्टी
ASI ने टूरिस्ट से नई गाड़ी की पार्टी मांगी और मिठाई खिलाने को कहां। इसका वीडियो भी सामने आया है। लगभग पौने दो मिनट तक हुई बातचीत में पुलिस कर्मी, टूरिस्ट से उसके बारें में पूछता है।
इसके बाद नई गाड़ी की बधाई देते हुए मुंह मीठा कराने को कहता है। जिसके जवाब में टूरिस्ट कहता है- ‘है नहीं ही सर जी’ और फिर पुलिसकर्मी उसे जाने को कहता है। ASI और टूरिस्ट के बीच हुई ये पूरी बातचीत गाड़ी के डैशबोर्ड पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी।
वीडियो वायरल होने के बाद SP ने की कार्रवाई
टूरिस्ट ने बाद में इस वीडियो को सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। जिसके बाद अब देहरा एसपी संदीप धवल ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए ASI को लाइन हाजिर किया है। पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए है और डीएसपी डाडासिबा को जांच सौंपी गई है।
इस मामले में एसपी संदीप धवल ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस कर्मी को लाइन हाजिर किया है। उन्होंने बताया कि उसके खिलाफ विभागीय जांच बिठा दी गई है। हालांकि, यह मामला एक महीने से पुराना है, लेकिन यह वीडियो अब वायरल हुआ है। इसके आधार पर अब पुलिस कर्मी को लाइन हाजिर किया गया है।
