हड़ताल खत्म होते ही सफाई व्यवस्था सुधारने में जुटा नगर परिषद, शहर को स्वच्छ बनाने की तैयारी तेज
भिवानी । पिछले लंबे समय से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के खत्म होने के साथ ही नगर परिषद प्रशासन ने शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की कार्य योजना बनानी शुरू कर दी है। शनिवार को डीएमसी हरबीर सिंह के मार्गदर्शन में सफाई निरीक्षक विकास देसवाल ने सभी सफाई दरोगा के साथ मीटिंग की और इनको सफाई व्यवस्था अतिशीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
सफाई निरीक्षक विकास देशवाल ने सभी सफाई दरोगा को निर्देश देते हुए कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर में गंदगी का आलम बन गया है। जगह-जगह कूड़ा कचरा बिखरा पड़ा है। अब हड़ताल समाप्त हो गई है। ऐसे में सभी सफाई दरोगा अपने-अपने क्षेत्र को संभाले और सफाई कर्मचारियों से नियमित रूप से सफाई करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शहर को अतिशीघ्र गंदगी से मुक्त किया जाए। शहर स्वच्छ नजर आना चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे शहर में सफाई से संबंधित शिकायत के लिए 01664 243551, 805360 9453, 805360 9445 सूचना दे सकते हैं।
