भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों को त्रुटिरहित व अपडेट करने के लिए चलाया जा रहा है विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान :- अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार

 

 

कलानौर (रोहतक), 3 जुलाई : अतिरिक्त उपायुक्त एवं कलानौर विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी नरेंद्र कुमार ने जिला में जारी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का मतदान केंद्रों पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा बूथ स्तर अधिकारियों को आवश्यक हिदायतें दी।
नरेंद्र कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों को त्रुटिरहित बनाने तथा अपडेट करने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बूथ स्तर अधिकारियों ने घर-घर पहुंचकर मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित किये है तथा मतदाताओं से भरें हुए फॉर्म एकत्रित कर उनको डिजिटलाइज किया जा रहा है। बूथ स्तर अधिकारी इन गणना फॉर्म का सत्यापन भी कर रहे है।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि कलानौर-63 (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्र में 2,21,236 मतदाताओं में से 2,15,501 (97.41 प्रतिशत) फॉर्म वितरित, 71,640 (32.38 प्रतिशत) डिजिटाइज, 71,268 (32.21 प्रतिशत) सत्यापित किये जा चुके है। उन्होंने बूथ स्तर अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्य को समयबद्ध पूर्ण करें। उन्होंने उपस्थित मतदाताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे इस अभियान में पूर्ण सहयोग दें तथा मतदाता गणना प्रपत्र में सही जानकारी उपलब्ध करवाये। यह मतदाता गणना प्रपत्र 14 जुलाई 2026 से पहले अवश्य जमा करवाये। यदि किसी मतदाता को इस कार्य में किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता है तो वे अपने बूथ स्तर अधिकारी से संपर्क कर सकते है। समय पर प्रपत्र भरकर लोकतंत्र को और सुदृढ़ करें।