भिवानी सब ब्रांच के पुनर्निर्माण पर खर्च होंगे करीब 68 करोड़ रुपये :- श्रुति चौधरी
​​​​​​​

 
 भिवानी सब ब्रांच के पुनर्निर्माण पर खर्च होंगे करीब 68 करोड़ रुपये :- श्रुति चौधरी

रोहतक, 31 जुलाई। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास, सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसी लाल और पूर्व मंत्री स्वर्गीय चौधरी सुरेंद्र सिंह की विकास एवं जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में समान रूप से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं और किसी भी क्षेत्र को विकास की दौड़ में पीछे नहीं रहने दिया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी शुक्रवार को सीसर गांव में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत शहीद उधम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, युवा नेता दीपक निवास हुड्डा, जिला प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, माताएं-बहनें और युवा मौजूद रहे। मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि सीसर जैसे वीरों की धरती पर आकर उन्हें भावुकता के साथ-साथ अपने परिवार और चौधरी बंसी लाल एवं स्वर्गीय चौधरी सुरेंद्र सिंह के जनसेवा के दौर की यादें भी ताजा हुई हैं। उन्होंने कहा कि चौधरी बंसीलाल ने हरियाणा के विकास के लिए समान दृष्टिकोण के साथ काम किया तथा सिंचाई के क्षेत्र में ऐतिहासिक लिफ्ट इरिगेशन सिस्टम लागू करवाकर रेतीले क्षेत्रों तक पानी पहुंचाने का असंभव समझे जाने वाला कार्य संभव कर दिखाया।
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि चौधरी बंसी लाल के लिए प्रदेश का विकास सर्वोच्च प्राथमिकता था। उनके सामने हर समय हरियाणा के विकास का रोडमैप रहता था और वे बिजली, सिंचाई तथा अन्य व्यवस्थाओं की स्वयं निगरानी करते थे। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में भी विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी लगातार प्रत्येक क्षेत्र की आवश्यकताओं की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें रोहतक जिला शिकायत निवारण समिति की चेयरपर्सन के रूप में जिम्मेदारी दी गई है और उनका प्रयास है कि रोहतक क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से करवाया जाए। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सरकार विकास, विश्वास और प्रगति की भावना के साथ सभी वर्गों एवं क्षेत्रों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।
कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि सिंचाई से संबंधित कई कार्य पहले ही वल्र्ड बैंक परियोजना में शामिल की जा चुके हैं। सिंचाई विभाग में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बड़े स्तर पर वित्तीय संसाधन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं तथा करीब 6 हजार करोड़ रुपये की वल्र्ड बैंक परियोजना के माध्यम से मुख्य कैरियर लाइनों, नहरों के आधुनिकीकरण तथा टेल तक पानी पहुंचाने से संबंधित कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित हिस्सों के लिए सिंचाई विभाग द्वारा करीब 38 करोड़ रुपये के कार्य मंजूर किए गए हैं, जिन पर निर्माण कार्य चल रहा है। इसके अलावा इस क्षेत्र की जीवनरेखा मानी जाने वाली पुरानी भिवानी सब ब्रांच के पुनर्निर्माण एवं पुनर्वास पर करीब 68 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्य के पूरा होने से नहर की क्षमता एवं जल उपलब्धता में बढ़ोतरी होगी तथा क्षेत्र के किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि भिवानी सब ब्रांच के पुनर्वास का लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी नजर रखें और किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर उन्हें तत्काल अवगत करवाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने दिया जाएगा। श्रुति चौधरी ने भरोसा दिलाया कि स्टेडियम की मांग को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के समक्ष रखा जाएगा तथा अन्य जायज मांगों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से कहा, मैं आपकी बेटी के रूप में यहां आई हूं। आपकी उम्मीदों और विश्वास की लाज रखना मेरी जिम्मेदारी है। सिंचाई विभाग से संबंधित आपके सभी जायज कार्यों को पूरा करवाने के लिए मैं हर संभव प्रयास करूंगी।
बॉक्स :-
चौधरी बंसी लाल के आदर्शों से सीख लेने का आह्वान :- राज्यसभा के पूर्व सांसद रामचंद्र जांगड़ा
राज्यसभा के पूर्व सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने चौधरी बंसी लाल के साथ अपने लंबे राजनीतिक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि चौधरी बंसी लाल विकास, सिद्धांत और राजनीतिक शुचिता के लिए समर्पित नेता थे। उन्होंने कहा कि चौधरी बंसी लाल की कार्यशैली और उनके जीवन से जुड़े अनेक प्रसंगों को उन्होंने अपनी पुस्तक में संकलित किया है, जो शीघ्र ही पाठकों के सामने आएगी। उन्होंने कहा कि चौधरी बंसी लाल का राजनीति में उद्देश्य केवल विकास और जनसेवा था। उन्होंने कहा कि चौधरी बंसी लाल के परिवार की विरासत आज भी जनसेवा के माध्यम से आगे बढ़ रही है और श्रुति चौधरी उसी परंपरा को मजबूती से आगे ले जा रही हैं। उन्होंने मंत्री से गांव की सभी जायज मांगों को पूरा करवाने का आग्रह किया।
बॉक्स :-
युवा भाजपा नेता दीपक निवास हुड्डा ने गिनाए विकास कार्य :-
युवा भाजपा नेता दीपक निवास हुड्डा ने कहा कि सीसर गांव में कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी का पहुंचना ग्रामीणों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पहली बार बाढ़ प्रबंधन एवं संबंधित कार्यों के लिए करीब 38 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई है और विभिन्न स्थानों पर निर्माण कार्य चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों और नहरों से जुड़ी समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा गया था, जिस पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्यों को आगे बढ़ाया। उन्होंने मंत्री से सीसर गांव की अन्य विकास संबंधी मांगों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने का आग्रह किया। कार्यक्रम में डॉ. नरेंद्र व राजेश धनखड़ ने भी अपना संबोधन दिया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी का गर्मजोशी से स्वागत किया और विभिन्न विकास कार्यों से संबंधित मांग-पत्र भी सौंपा। मंत्री ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार जनता के सहयोग और विश्वास के साथ क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। इस अवसर पर सर्वजातीय सिंहमार खाप प्रधान दलशेर सिंहमार, महंत सतीश दास, सरपंच अनुराधा, पार्षद मीना, बसंत लाल गिरधर, डॉ नरेंद्र भरतपुर, डॉ कुलताज, रामनिवास राठी व जस्सू आदि मौजूद थे।