आईटीआई के लिए 315 आधुनिक उपकरणों की खरीद की दी मंजूरी

 

 
आईटीआई के लिए 315 आधुनिक उपकरणों की खरीद की दी मंजूरी   

चंडीगढ़, 19 नवंबर - हरियाणा सरकार प्रदेश के युवाओं को आधुनिक तकनीक और कौशल से लैस करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी दिशा में राज्य के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) को नवीनतम और उन्नत मशीनों से सुसज्जित किया जा रहा है, ताकि इन संस्थानों से पास आउट होने वाले युवाओं को प्रतिष्ठित उद्योगों में बेहतरीन पैकेज पर नौकरी मिल सके अथवा वे अपना स्वरोजगार शुरू कर सकें।

 

इसी कड़ी में आज युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग द्वारा आयोजित विभागीय हाई पावर परचेज कमेटी (DHPPC) की बैठक में वेल्डिंग एवं इससे संबंधित 315 आधुनिक उपकरणों की खरीद को मंजूरी प्रदान की गई। इस बैठक की अध्यक्षता युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता मंत्री श्री गौरव गौतम ने की। इन उपकरणों की खरीद पर 1.80  करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च होने का अनुमान है।

 

 बैठक में जिन प्रमुख उपकरणों को खरीदने की स्वीकृति दी गई है, उनमें 300 एम्पीयर क्षमता की वाटर कूल्ड टॉर्च सहित AC/DC GTAW वेल्डिंग मशीन, 400 एम्पीयर क्षमता की GMAW वेल्डिंग मशीन, स्पॉट वेल्डिंग मशीन, एयर प्लाज्मा कटिंग उपकरण, एयर प्लाज्मा कटिंग सिस्टम के अनुकूल एयर कंप्रेसर, सभी आवश्यक एक्सेसरीज सहित D.C. आर्क वेल्डिंग रेक्टिफायर्स सेट तथा आर्क वेल्डिंग टेबल शामिल हैं।

 

  बैठक के उपरांत मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को व्यावहारिक और आधुनिक कौशल प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार तथा अच्छी नौकरी के लिए तैयार करने हेतु प्रतिबद्ध है। इन आधुनिक उपकरणों के आने से प्रदेश के आईटीआई में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को उद्योगों की मांग के अनुरूप उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करने में बड़ी मदद मिलेगी।

 

इस अवसर पर आपूर्ति एवं निपटान विभाग के महानिदेशक श्री राजीव रतन , स्किल डेवलपमेंट एंड इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग विभाग के डायरेक्टर श्री पार्थ गुप्ता , एडिशनल डायरेक्टर श्रीमती कमलप्रीत कौर , असिस्टेंट डायरेक्टर श्री मुकेश मोंगिया समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।