हरियाणा में 7 खिलाड़ियों की अफसर पद पर नियुक्ति:अंकुर मित्तल समेत 6 बनेंगे HCS

 

 

सुप्रीम कोर्ट और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए हरियाणा सरकार ने राज्य के 7 बेहतरीन खिलाड़ियों को बड़ा तोहफा दिया है। मानव संसाधन विभाग ने 'हरियाणा आउटस्टैंडिंग स्पोर्ट्सपर्सन रूल्स, 2018' के तहत इन खिलाड़ियों को HCS (एग्जीक्यूटिव ब्रांच) और HPS अधिकारी के पदों पर नियुक्ति देने का फैसला किया है।

मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद मानव संसाधन विभाग ने 2 सितंबर 2026 को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।

इन्हें मिली नियुक्ति: 6 बने HCS, 1 को मिला HPS पद

  • अंकुर मित्तल (शूटिंग): 2018 ISSF वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडलिस्ट। इन्हें HCS पद पर नियुक्ति दी जाएगी (2018 नियमों के तहत 4 साल की सीनियरिटी के साथ)।
  • अभिषेक वर्मा (शूटिंग): 2018 एशियन गेम्स में कांस्य पदक व वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत पदक विजेता। इन्हें HCS पद दिया गया है।
  • हरविंदर सिंह (पैरा आर्चरी): 2018 एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता। इन्हें HCS पद पर नियुक्त किया गया है।
  • तरुण ढिल्लों (पैरा बैडमिंटन): 2018 एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता। इन्हें HCS पद पर नियुक्ति दी गई है।
  • एकता भ्यान (पैरा एथलेटिक्स): 2018 एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता। इन्हें HCS पद दिया गया है।
  • अमित कुमार (पैरा एथलेटिक्स): 2014 एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता। इन्हें HCS पद पर नियुक्त किया गया है।
  • मनजीत सिंह (एथलेटिक्स): 2018 एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता। इन्हें HPS (हरियाणा पुलिस सेवा) पद पर नियुक्ति दी गई है।

हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद फैसला

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा 18 अप्रैल 2022 को दिए गए फैसले तथा सुप्रीम कोर्ट द्वारा 29 मई 2026 को पास किए गए आदेश के तहत यह फैसला लिया गया है। सरकार ने मुख्य सचिव (सेवाएं-II शाखा) और गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को इन खिलाड़ियों के नियुक्ति पत्र जल्द जारी करने के निर्देश दिए हैं।