मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना 2.0 के तहत 26 जुलाई को आदमपुर में लगेगा अंत्योदय मेला

 
मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना 2.0 के तहत 26 जुलाई को आदमपुर में लगेगा अंत्योदय मेला

हिसार, 20 जुलाई।

मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना 2.0 के अंतर्गत आगामी 26 जुलाई को आदमपुर में अंत्योदय मेला आयोजित किया जाएगा। मेले में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों को एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मेले में कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, ग्रामीण विकास, हरियाणा बैकवर्ड एवं शेड्यूल कास्ट फाइनेंस कॉरपोरेशन, एमएसएमई, रेड क्रॉस, वीटा, एग्रो इंडस्ट्री, आर्थिक रूप से पिछड़ा एवं कमजोर वर्ग कल्याण निगम, हरियाणा कौशल विकास निगम, चाइल्ड वेलफेयर काउंसिल सहित अन्य सरकारी विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाएंगे। इन स्टॉलों पर पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे तथा पात्रता के अनुसार योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना 2.0 का उद्देश्य अंत्योदय परिवारों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाना तथा उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाना है। इस योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को स्वरोजगार, कौशल विकास, वित्तीय सहायता एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि मेले के दौरान लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ-साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से भी जोड़ा जाएगा, ताकि उनमें स्वावलंबन की भावना को बढ़ावा मिले और उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को मेले की सभी तैयारियां समय रहते करने की हिदायत दी, साथ ही पात्र नागरिकों से अपील की कि वे 26 जुलाई को आयोजित होने वाले अंत्योदय मेले में पहुंचकर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।