हरियाणा में वाहन चालकों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी, साढ़े 64 करोड़ से फोरलेन बनेगी यह सड़क

 
 हरियाणा में वाहन चालकों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी, साढ़े 64 करोड़ से फोरलेन बनेगी यह सड़क

हरियाणा में ट्रैफिक जाम की जकड़न दूर करने और बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के उद्देश्य से रोड नेटवर्क का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रदेश सरकार द्वारा झज्जर-फर्रूखनगर सड़क मार्ग को फोरलेन बनाने के लिए 64 करोड़ 49 लाख 75 हजार रुपए की धनराशि को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

बेहतर आवागमन का मिलेगा लाभ 

झज्जर डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि झज्जर-फर्रूखनगर सड़क मार्ग (SH-15A) के फोरलेन सुधार एवं नवीकरणीय के लिए करीब साढ़े 64 करोड़ रुपए की धनराशि को मंजूरी मिली है। परियोजना के तहत झज्जर जिले की सीमा में आने वाली करीब 21.30 किलोमीटर लंबे हिस्से का सुधारीकरण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस सड़क मार्ग के फोरलेन बनने से ट्रैफिक जाम को दूर करने में मदद मिलेगी। सड़क मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने से ट्रैफिक संचालन सुचारू रूप से जारी रखने में मदद मिलेगी जिससे लोगों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी। वहीं, साथ ही सड़क मार्ग की हालत सुधरने से सफर करना आरामदायक व सुरक्षित हो जाएगा।

गुरुग्राम आवाजाही होगी सुगम 

उन्होंने बताया कि इस सड़क मार्ग के नवीनीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के पूरा होने पर झज्जर से गुरुग्राम की ओर आवाजाही करने वाले लोगों को सीधा फायदा पहुंचेगा। फोरलेन सड़क मार्ग से सफर करने पर पहले के मुकाबले न केवल ज्यादा सुविधा मिलेगी बल्कि यात्रा के समय में भी कमी आएगी। डीसी ने कहा कि जिले में सड़क नेटवर्क का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की परियोजनाओं को निर्धारित मानकों और समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है ताकि आमजन के सफर को आरामदायक व सुरक्षित बनाया जा सके।