हरियाणा सरकार के कर्मचारियों एवं आईएएस अधिकारियों हेतु वर्ष 2025-26 की वार्षिक जीपीएफ विवरणी वेबसाइट और डिजीलॉकर पर है उपलब्ध
चंडीगढ़, 28 जुलाई- हरियाणा सरकार के कर्मचारियों एवं हरियाणा कैडर के अखिल भारतीय सेवा (आईएएस) अधिकारियों की वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) की वार्षिक विवरणी कार्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। राज्य सरकार के सभी जीपीएफ अभिदाता प्रधान महालेखाकार (A&E) कार्यालय की वेबसाइट https://cag.gov.in/ac/haryana/en पर जाकर अपनी वार्षिक विवरणी डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए अभिदाताओं को अपना सीरीज़ कोड, जीपीएफ खाता संख्या तथा कर्मचारी पिन/पासवर्ड दर्ज करना होगा।
विभाग के एक सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि कर्मचारियों की सुविधा के लिए वर्ष 2025-26 की वार्षिक जीपीएफ विवरणी डिजीलॉकर पर भी उपलब्ध कराई गई है। अभिदाता https://www.digilocker.gov.in पर लॉग-इन करके निम्नलिखित प्रक्रिया के जरिए अपनी विवरणी प्राप्त कर सकते हैं, जैसे कि अपने डिजीलॉकर खाते में लॉग-इन करें और "Search Documents" टैब पर जाएं,
सर्च बॉक्स में "Principal Accountant General (A&E), Haryana" टाइप करें, प्राप्त परिणामों में से "GPF Statement" विकल्प का चयन करें।
अपनी जीपीएफ संख्या, सीरीज़ कोड दर्ज करें तथा संबंधित वित्तीय वर्ष का चयन करें।
इसके बाद वार्षिक जीपीएफ विवरण को देखा एवं डाउनलोड किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि वित्तीय वर्ष 2023-24 तथा उसके बाद की वार्षिक जीपीएफ विवरणियां भी डिजीलॉकर के माध्यम से डाउनलोड करने हेतु उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि यदि किसी अभिदाता को जीपीएफ विवरण डाउनलोड करने या इससे संबंधित कोई कठिनाई आती है, तो वे कार्यालयीन समय के दौरान जीपीएफ हेल्पलाइन नंबर 0172-3503960 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, कर्मचारी अपनी समस्या या प्रश्न ई-मेल के माध्यम से haryana@cag.gov.in पर भी भेज सकते हैं।
