राजकीय स्कूल खारिया में बाल संरक्षण एवं साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सिरसा, 19 नवंबर। बालिकाओं को बाल संरक्षण, सुरक्षा एवं साइबर अपराधों पर जागरूक करने के उद्देश्य से बाल कल्याण समिति, सिरसा के तत्वावधान में राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, खारिया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति सिरसा के चेयरमैन डॉ. मदन लाल ने छात्राओं को विभिन्न कानूनी प्रावधानों एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी देते हुए जागरूक किया।
डॉ. मदन लाल ने छात्राओं को पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध कानून तथा साइबर फ्रॉड जैसे महत्वपूर्ण विषयों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को किसी भी प्रकार के यौन शोषण को लेकर जागरूक और सतर्क रहना चाहिए। यदि किसी बच्ची के साथ गलत व्यवहार या शोषण की घटना होती है तो उसे चुप नहीं रहना चाहिए, बल्कि बिना किसी डर या संकोच के अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने पॉक्सो एक्ट के तहत बच्चों को मिलने वाले कानूनी संरक्षण के बारे में भी विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। छात्राओं को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूक रहना चाहिए और अपने परिवार एवं समाज में भी इसके दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करना चाहिए।
साइबर सुरक्षा के विषय में उन्होंने छात्राओं को अनजान फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी अथवा अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। डिजिटल माध्यमों का उपयोग हमेशा सावधानी एवं जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए, ताकि साइबर अपराधों से बचा जा सके। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के अध्यापकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और जागरूकता अभियान में सहयोग दिया। विद्यालय स्टाफ ने इस प्रकार के कार्यक्रमों को बालिकाओं की सुरक्षा, आत्मविश्वास एवं सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
