जींद में स्थित इन तीर्थ स्थलों की खूबसूरती में लगेंगे चार-चांद, 5 करोड़ रुपए की धनराशि होगी खर्च

 
जींद में स्थित इन तीर्थ स्थलों की खूबसूरती में लगेंगे चार-चांद, 5 करोड़ रुपए की धनराशि होगी खर्च

 

जींद जिले की जुलाना विधानसभा क्षेत्र से एक अच्छी खबर सामने आई है। सूबे की नायब सैनी सरकार ने यहां 3 प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों की मरम्मत और सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए करीब 5 करोड़ रुपए की धनराशि को मंजूरी प्रदान की है। इससे न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा बल्कि क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने की थी घोषणा 

प्रदेश सरकार द्वारा जिन तीर्थ स्थलों की मरम्मत और सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए धनराशि को मंजूरी प्रदान की गई है उनमें आसन स्थित अश्वनी कुमार तीर्थ (1.99 करोड़), रामराय स्थित रामह्रदय तीर्थ (1.48 करोड़ रुपए) और बराहकलां स्थित वराह तीर्थ  (1.38 करोड़ रुपए) शामिल हैं। इन तीनों ही तीर्थ स्थलों का धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व है जिसको देखते हुए प्रदेश सरकार ने इस कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का फैसला लिया है।

बता दें कि पिछले दिनों जुलाना में विकास रैली का आयोजन हुआ था जिसमें बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इन  आस्था केंद्रों के विकास की घोषणा की थी। उन्होंने जुलाना विधानसभा क्षेत्र से उस समय बीजेपी प्रत्याशी रहे कैप्टन योगेश बैरागी की मांग पर यह घोषणा की थी।

वर्तमान में हरियाणा समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन योगेश बैरागी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा धनराशि को मंजूरी दी गई है जिससे क्षेत्र की धार्मिक विरासत को संरक्षित करने में मदद मिलेगी। इन तीर्थ स्थलों के जीर्णोद्धार से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, साथ ही यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा।