हरियाणा की KU में बनेगा आल वेदर स्विमिंग पूल, करीब 8 करोड़ आएगी लागत

 
An all-weather swimming pool will be built at KU in Haryana.
हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी ने आज कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल परिसर में खिलाड़ियों को दो बड़ी सौगातें दीं। CM ने विश्वविद्यालय में नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान का लोकार्पण किया और करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आल वेदर स्विमिंग पूल परियोजना का शिलान्यास किया।

मैदान के निर्माण के लिए 5.5 करोड़ का बजट उपलब्ध 
 
आपको बता दें कि 'खेलो इंडिया' योजना के तहत तैयार किया गया यह हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान कुरुक्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इस मैदान के निर्माण के लिए सरकार द्वारा लगभग 5.5 करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध कराया गया।अंतरराष्ट्रीय मानकों (FIH Approved) पर आधारित इस टर्फ के बनने से अब विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए शाहाबाद या अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। यह मैदान फ्लड लाइट्स और आधुनिक सुविधाओं से लैस है।

8 करोड़ की लागत से बनेगा ऑल वेदर स्विमिंग पूल 

CM ने खेल परिसर में 8 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ऑल वेदर स्विमिंग पूल की आधारशिला भी रखी। यह परियोजना पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय के करीब 13,000 छात्रों और बाहरी खिलाड़ियों को साल के 12 महीने तैराकी का अभ्यास करने की सुविधा मिलेगी। वर्तमान में कड़ाके की ठंड के कारण सर्दियों में ट्रेनिंग बाधित हो जाती थी, जो अब नहीं होगी।

 इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर जिले में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं हों। यह हॉकी टर्फ और आगामी स्विमिंग पूल कुरुक्षेत्र के युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के लिए तैयार करेंगे।"