झज्जर नागरिक अस्पताल में शुरू हुई अमृत फार्मेसी, मरीजों को 50 प्रतिशत तक कम कीमत पर मिलेंगी दवाइयां : डॉ.अरविंद शर्मा
झज्जर, 20 नवंबर।केंद्रीय पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत व हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को यमुनानगर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम द्वारा झज्जर सहित प्रदेश के 16 जिला अस्पतालों में अमृत फार्मेसियों का शुभारंभ किया। झज्जर लघु सचिवालय सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा के सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने जिला नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी तथा गांव गोधड़ी जलघर में नहरी पानी के भंडारण के लिए बनाए गए आरसीसी टैंक एवं संबंधित कार्यों का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में पहुँचने पर एडीसी जगनिवास ने सहकारिता मंत्री और अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी साँझा की।
हरियाणा के सहकारिता, जेल एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक की बुनियादी जरूरत हैं। प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारते हुए आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब और जरूरतमंद लोगों को बेहतर एवं सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि झज्जर नागरिक अस्पताल में स्थापित अमृत फार्मेसी का लोकार्पण किया गया है। इस केंद्र पर सभी प्रकार की दवाइयां उपलब्ध रहेंगी, जिन्हें बाजार मूल्य की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत तक रियायती दरों पर प्राप्त किया जा सकेगा। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को उपचार के खर्च में राहत मिलेगी तथा उन्हें सस्ती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध होंगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है। जन औषधि केंद्रों के माध्यम से आमजन को कम कीमत पर दवाइयां उपलब्ध करवाना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करते हुए जरूरतमंद लोगों को आर्थिक राहत देना सरकार की प्राथमिकता है।
हर घर नल से जल योजना से ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
सहकारिता मंत्री ने बताया कि सरकार की हर घर नल से जल योजना के तहत गोधड़ी गांव में योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचे और ग्रामीणों को पेयजल संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मिकी, जिला परिषद के चैयरमेन कप्तान सिंह बिरधाना, वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश कौशिक, नगरपरिषद के चेयरमैन जिले सिंह सैनी, बहादुरगढ नगर परिषद चैयरपर्सन सरोज राठी, बेरी नगरपालिका चैयरमेन देवेंद्र कादयान, पूर्व चैयरपर्सन सुनीता चौहान, दिनेश शेखावत, मिथुन पार्षद, मुकुल कौशिक, राजपाल जांगड़ा व धर्मवीर जाखड़ के अलावा जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम रवि मीणा, सिविल सर्जन डॉ मंजू कादयान, जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षण अभियंता अमित श्योकंद,सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता सतीश कुमार जनावा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
-----------------------
