नागरिक अस्पतालों में शुरू हुई अमृत फार्मेसी, मरीजों को 50 प्रतिशत तक कीमत पर मिलेंगी दवाइयां-मंत्री कृष्ण लाल पंवार

 
नागरिक अस्पतालों में शुरू हुई अमृत फार्मेसी, मरीजों को 50 प्रतिशत तक कीमत पर मिलेंगी दवाइयां-मंत्री कृष्ण लाल पंवार

चण्डीगढ, 20 नवंबर- हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में शुरू की गई अमृत फार्मेसी आमजन, विशेषकर गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। इन फार्मेसियों में कैंसर सहित गंभीर बीमारियों की दवाइयां बाजार की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत तक कम कीमत पर उपलब्ध करवाई जाएंगी। इससे महंगी दवाइयों के कारण आर्थिक परेशानी झेल रहे मरीजों को राहत मिलेगी।

 

सोनीपत में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने अमृत फार्मेसी तथा गांव रूखी खास के जलघर में नहरी पानी के भंडारण के लिए बनाए गए आरसीसी टैंक एवं संबंधित कार्यों का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने यमुनानगर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के 16 जिला अस्पतालों में अमृत फार्मेसियों का शुभारंभ किया।

 

श्री पंवार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में सीटी स्कैन, एमआरआई और निःशुल्क डायलिसिस जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके अलावा अस्पतालों में 500 से अधिक प्रकार की दवाइयां उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या पहले सात थी, जो अब बढक़र 19 हो गई है। स्वस्थ नागरिक ही परिवार, प्रदेश और राष्ट्र के विकास में अपना बेहतर योगदान दे सकता है। इसलिए प्रदेश में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

 

विकास मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का आह्वान् किया कि वे अमृत फार्मेसी बारे ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिल रहा है। इसी प्रकार अमृत फार्मेसी की शुरुआत भी आमजन को सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

 

उन्होंने गांव रूखी खास के जलघर में आरसीसी टैंक एवं संबंधित कार्यों के उद्घाटन पर कहा कि प्रदेश में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 16 हजार तालाबों का सर्वे करवाया गया है, जिनमें सफाई और सुधार की आवश्यकता है। प्रथम चरण में 2200 तालाबों का चयन कर गाद निकालने, तटबंधों को मजबूत करने, पक्के रास्ते बनाने, स्ट्रीट लाइट लगाने, बैठने के लिए बेंच और पौधरोपण जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि तालाबों के सुधारीकरण से पशुओं और किसानों को फायदा मिलेगा तथा जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। सरकार का प्रयास है कि तालाबों के पानी का उचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

 

हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन एवं भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि अमृत फार्मेसी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी सोच का परिणाम है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार इसे प्रदेश के जिला अस्पतालों तक पहुंचा रही है। इन फार्मेसियों में विभिन्न प्रकार की दवाइयां कम कीमत पर उपलब्ध होने से कैंसर, मधुमेह, रक्तचाप और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को विशेष लाभ मिलेगा।

 

उन्होंने कहा कि अमृत फार्मेसी आमजन को सस्ती दवाइयां उपलब्ध करवाने की दिशा में सराहनीय पहल है। कई बार गरीब परिवारों को कैंसर, मधुमेह और अन्य गंभीर बीमारियों की महंगी दवाइयां खरीदने में कठिनाई होती है। अब जिला नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी के माध्यम से ऐसी दवाइयां कम कीमत पर उपलब्ध होंगी। 

 

इस मौके पर हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली, सोनीपत के विधायक निखिल मदान, खरखौदा से विधायक पवन खरखौदा, नगर निगम मेयर राजीव जैन, उपायुक्त नेहा सिंह सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।