फैमिली आईडी की त्रुटियां दूर करने के साथ ही नागरिकों की अन्य समस्याओं के स्थायी समाधान करें अधिकारी
भिवानी, 12 नवंबर।
वीरवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में समाधान शिविर आयोजित हुआ। समाधान शिविर में डीडीपीओ सोमबीर कादयान ने नागरिकों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नागरिकों की समस्याओं का स्थायी समाधान करें ताकि शिकायतकर्ता को बार-बार अपनी समस्या को लेकर ना आना पड़े।
समाधान शिविर में वार्ड नंबर दो से एमसी संदीप ने पेयजल लाइन को दुरुस्त करवाने, स्थानीय निवासी दिनोद गेट अश्वनी गोयल ने प्रॉपर्टी आईडी दुरूस्त करवाने, गांव नरहेड़ा निवासी मदन सिंह और गांव केहरपुरा निवासी अनिल ने इंतकाल करवाने से संबंधित समस्या डीडीपीओ के समक्ष रखी।
इसी प्रकार से गांव बजीणा निवासी सुरेश देवी, स्थानीय जीतू वाला जोहड़ निवासी रेखा, लाजपत नगर निवासी सुमन, गांव तालू निवासी विक्की शर्मा, पुलिस लाइन निवासी मेहर सिंह, वार्ड नंबर-16 निवासी संजय, गांव चांग निवासी आशीष वर्मा ने फैमिली आईडी में त्रुटियां दुरुस्त करवाने की समस्या रखी।
डीडीपीओ ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक मामले की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा गैर सरकारी सदस्य रामकिशन हलवासिया, सुनील वर्मा नंबरदार, अजीत शेखावत और केके ग्रोवर मौजूद रहे।
