हरियाली बढ़ाने के साथ पेड़-पौधों का संरक्षण भी जरूरी : कार्तिकेय शर्मा
पर्यावरण सरंक्षण भविष्य से जुड़ा विषय, इसे आगे बढ़ाना युवा पीढ़ी की जिम्मेदारी- बोले राज्यसभा सांसद
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने का आह्वान
एचएसवीपी ग्रीन बेल्ट में पौधारोपण कर राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने किया वन महोत्सव का शुभारंभ, पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ
बहादुरगढ़ गोरैया पर्यटन केंद्र में विधानसभा स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित
बहादुरगढ़, 07 अगस्त
बहादुरगढ़ स्थित सेक्टर 12 एचएसवीपी ग्रीन बेल्ट व गोरैया पर्यटन केंद्र में शुक्रवार को जिला प्रशासन एवं वन विभाग की ओर से विधानसभा स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने पौधारोपण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर एक पेड़ मां के नाम थीम से वन महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम के मानेसर से राज्य स्तरीय वन महोत्सव के दूसरे चरण का शुभारंभ किया, जिसका सीधा प्रसारण कार्यक्रम स्थल पर किया गया।
डीसी वर्षा खांगवाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए अपने स्वागत संबोधन में कहा कि जिला झज्जर में वन महोत्सव के दूसरे चरण का कार्यक्रम है। वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा आने वाली पीढ़ी यदि पर्यावरण के प्रति सचेत नहीं होंगे तो आने वाली स्थिति काफी भयावह होगी। उन्होंने युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि वे पर्यावरण सरंक्षण को लेकर ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, वन विभाग और आमजन के सामूहिक सहयोग से पौधारोपण अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप दिया जा रहा है।
जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण की चुनौतियों से निपटने में वृक्षों की अहम भूमिका : कार्तिकेय शर्मा
राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि भारत वर्ष युवाओं का देश है और आज पर्यावरण संरक्षण भविष्य से जुड़ा विषय है, इसे आगे बढ़ाना युवाओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से पौधारोपण को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे निरंतर अभियान बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों को सदैव पूजनीय स्थान दिया गया है। वर्तमान समय में पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान, प्रदूषण और जल संकट जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे में पौधारोपण केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि समय की आवश्यकता है।
पर्यावरण हितैषी जीवनशैली अपनाने का संदेश
मुख्य अतिथि कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि पीएम श्री नरेन्द्र मोदी का LiFE यानी Lifestyle for Environment का संदेश हमें पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने एक पेड़ मां के नाम मुहिम की शुरुआत कर अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है जो हमें पौधरोपण से जोड़ने का काम कर रहा हैं। एनसीआर क्षेत्र में अक्सर जो प्रदूषण का स्तर रहता है वह काफी चिंतनीय है। इसे दूर करने का पौधारोपण ही एकमात्र उपाय है।
सरकार हरित आवरण बढ़ाने के लिए कर रही निरंतर प्रयास : कार्तिकेय शर्मा
वन महोत्सव कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने
कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने, जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्राण वायु देवता,नगर वन की स्थापना सहित अन्य कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण में मददगार साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखते हुए उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करना है। इसके लिए पौधों की देखभाल और संरक्षण को भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जा रहा है।
पौधारोपण अभियान में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी : राजेश जून
बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून ने कहा कि पौधारोपण कार्यक्रम सरकार की सराहनीय पहल है। प्रत्येक व्यक्ति ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को इसमें भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान को उत्सव की तरह मनाते हुए परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए, ताकि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत हो।
मुख्य अतिथि ने विभिन्न प्रतिभागियों को किया सम्मानित, पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने वन महोत्सव कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखभाल करने का संकल्प लिया। वन एवं शिक्षा विभाग की ओर से वन महोत्सव की थीम पर आयोजित विभिन्न गतिविधियों के भागीदार प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया। मंच संचालन प्रवक्ता पूजा शर्मा ने किया।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व चेयरपर्सन सुनीता चौहान,नगर परिषद झज्जर चेयरमैन जिले सिंह सैनी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजपाल जांगड़ा,भीम प्रणामी के अतिरिक्त जिला प्रशासन की ओर से एडीसी जगनिवास, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, सीटीएम रितु, डीएफसी साहिथी रेड्डी, डीईओ रतिंद्र सिंह, डीपीसी अनिल शर्मा व डीआईओ अमित बंसल,आशीष कादयान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
