शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची के लिए सभी पात्र मतदाता निभाएं सक्रिय भूमिका : उपायुक्त सचिन गुप्ता

 
शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची के लिए सभी पात्र मतदाता निभाएं सक्रिय भूमिका : उपायुक्त सचिन गुप्ता

रोहतक,, 19 जुलाई। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने जिले के शेष बचे सभी पात्र मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत अपना हस्ताक्षरयुक्त गणना प्रपत्र बिना किसी विलंब के भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को उपलब्ध कराने अथवा ऑनलाइन माध्यम से प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बीएलओ के माध्यम से घर-घर जाकर गणना प्रपत्र एकत्र करने की अवधि 24 जुलाई 2026 तक बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि मतदाता अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करें, बल्कि आज ही अपना गणना प्रपत्र भरकर जमा कराएं, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।

 उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्राप्त होने वाले सभी गणना प्रपत्रों का शीघ्र डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) का भी आवश्यक सहयोग लिया जाए। साथ ही जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हो रहे हैं, उनके संबंध में निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सचिन गुप्ता ने बताया कि जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता, यदि स्वयं ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने में सक्षम हैं, तो भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन गणना प्रपत्र भर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आयोग ने ऑफलाइन एवं ऑनलाइन दोनों सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। ऑनलाइन आवेदन से समय की बचत होगी तथा गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी अधिक तेजी और दक्षता के साथ किया जा सकेगा।

सचिन गुप्ता ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 31 जुलाई 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके उपरांत 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जिनका निस्तारण 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने कहा कि शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विश्वसनीय चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समयावधि के भीतर अपना गणना प्रपत्र अवश्य भरने तथा निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाकर लोकतंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया।