Ahmedabad Plane Crash: जानें कौन हैं विश्वास कुमार, जो विमान हादसे में जिंदा बचे, पीएम मोदी ने भी की मुलाकात

 
Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद के एअर इंडिया विमान हादसे में बचे यात्री विश्वास कुमार रमेश से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिविल अस्पताल में पहुंचकर मुलाकात की है। प्रधानमंत्री ने इस दौरान विश्वास कुमार का हालचाल जाना है। आइए जानते हैं कि विश्वास कुमार कौन हैं। विश्वास कुमार ने एक अंग्रेजी अखबार से बात करते हुए कहा कि जब वह उठे तो उनके चारों ओर लाशें बिखरी पड़ी हुई थीं। वह डर गए। वह खड़ा हुए और अपनी जान बचाने के लिए भागे। उनके चारों तरफ विमान के टुकड़े बिखरे पड़े हुए थे। विश्वास ने बताया कि फ्लाइट उड़ने के तीस सेकंड बाद तेज आवाज हुई और फिर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह सब बहुत जल्दी हुआ।  विश्वास के सीने, आंखों और पैरों पर चोट आई है और उनका इलाज चल रहा है।

लंदन में रहता है विश्वास कुमार का परिवार

खबरों की मानें तो विश्वास कुमार एक ब्रिटिश नागरिक हैं और वह अपने परिवार से मिलने के लिए भारत आए थे और अपने भाई अजय कुमार रमेश (45) के साथ वापस लंदन जाने के लिए प्लेन में बैठे। विश्वाश के पास से एक बोर्डिंग पास भी मिला है। वह प्लेन की सीट नंबर 11-ए पर बैठे हुए थे।उन्होंने कहा कि वह 20 साल से लंदन में रह रहे हैं और उनकी पत्नी और बच्चा भी लंदन में रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनके भाई अजय के साथ प्लेन में अलग रॉ में बैठे थे। लेकिन, उनका कुछ भी पता नहीं चल सकता है।

विमान हादसे में 200 से ज्यादा लोगों की हुई मौत

बता दें कि अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हो गया था। इसमें 12 क्रू मेंबर समेत 242 लोग सवार थे। अब तक हादसे में केवल एक यात्री के जिंदा बचने की पुष्टी हुई है। बाकी सभी लोगों की मौत हो गई है।