अभिनेता जयदीप अहलावत ने युवाओं से किया फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 में भाग लेने का आह्वान

 
 अभिनेता जयदीप अहलावत ने युवाओं से किया फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 में भाग लेने का आह्वान


कहा—नशे के खिलाफ एकजुट होकर दौड़ें, स्वस्थ और मजबूत भविष्य का संकल्प लें

फरीदाबाद, 15 सितंबर।
बॉलीवुड अभिनेता जयदीप अहलावत ने जिले के युवाओं, नागरिकों और खेल प्रेमियों से आगामी 27 सितंबर 2026 को सूरजकुंड मेला ग्राउंड, फरीदाबाद में आयोजित होने वाली फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि आज युवाओं के सामने आगे बढ़ने के लिए अनेक अवसर उपलब्ध हैं, लेकिन नशे जैसी चुनौतियां उनकी क्षमता, स्वास्थ्य और भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकती हैं।

जयदीप अहलावत ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रहने, फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ एवं मजबूत भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का सामूहिक संदेश है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने मित्रों और परिवार के सदस्यों के साथ इस आयोजन में भाग लें तथा नशामुक्त हरियाणा के संकल्प को मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि खेल और शारीरिक गतिविधियां युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच का विकास करती हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य, फिटनेस और नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।

जयदीप अहलावत ने नागरिकों से अपील की कि वे 27 सितंबर को सूरजकुंड मेला ग्राउंड पहुंचकर इस जनअभियान का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि आइए, अपने युवाओं के लिए दौड़ें, नशे के खिलाफ दौड़ें और एक मजबूत कल के लिए दौड़ें। उन्होंने सभी इच्छुक प्रतिभागियों से फरीदाबाद हाफ मैराथन की आधिकारिक वेबसाइट www.faridabadhalfmarathon.in पर जाकर पंजीकरण कराने के साथ-साथ का मैराथन में दौड़ लगाने का भी आग्रह किया।