Accident News: हरियाणा में भीषण सड़क हादसा, दो दोस्तों की हुई मौत; तीन घायल 

 
Horrific Road Accident in Haryana; Two Dead
Accident News: हरियाणा के हांसी में आज सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक SUV अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉला में जा घुसी। इस हादसे में 2 दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि बोनट और इंजन के पार्ट्स उखड़कर कई फीट पीछे खिसक गए। वह सभी भिवानी में शादी समारोह से वापस लौट रहे थे।  

सैनीपुरा के पास तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त 

फतेहाबाद जिले के मोची गांव निवासी महावीर (42) और चौबारा गांव के मनोज (38) अपने तीन अन्य साथियों विक्रम, कृष्ण और विनोद के साथ भिवानी के बड़सी गांव में विवाह में शामिल होने गए थे। शुक्रवार तड़के जब ये पांचों दोस्त अपनी गाड़ी से घर लौट रहे थे, तभी हांसी के सैनीपुरा गांव के पास उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

खिड़की तोड़कर निकाले घायल 

मिली जानकरी के मुताबिक कार की रफ्तार बहुत अधिक थी। पीछे से हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि एसयूवी का बोनट और इंजन के पुर्जे टूटकर कई फीट दूर जा गिरे। ड्राइविंग सीट पर फंसे युवक को स्थानीय लोगों ने गाड़ी की खिड़की काटकर बड़ी मशक्कत से बाहर निकाला। ट्रैक्टर चालक बालकरण ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश से ट्रॉली लेकर सिरसा की ओर जा रहा था, तभी अचानक पीछे से एक जोरदार झटका लगा और उसका ट्रैक्टर कई फीट तक घिसटता चला गया।

तीन युवकों की स्थिति चिंताजनक

हादसे में घायल अन्य तीन युवक विक्रम, कृष्ण और विनोद को तुरंत हांसी के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। वहां उनकी नाजुक हालत को देखकर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए हिसार के बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया। फिलहाल तीनों जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। 


हादसे की सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी सुखजीत सिंह और शिशु पुल चौकी की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।