हरियाणा में ACB की बड़ी कार्रवाई, 9500 रुपये रिश्वत लेते ASI रंगे हाथ गिरफ्तार
चंडीगढ़/यमुनानगर, 26 अक्टूबर 2026 : भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की करनाल यूनिट ने हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो (एचएसईएनबी), यमुनानगर में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) रजनी को 9,500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर निर्माण सामग्री लेकर यमुनानगर से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जाने वाले ट्रकों की एंट्री करने के बदले प्रति ट्रक 1,000 रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी ने रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली है।
ट्रकों की एंट्री के बदले मांगी थी रिश्वत
शिकायतकर्ता के अनुसार, वह अपने दोस्तों के साथ गांव बुरिया, जिला यमुनानगर से निर्माण सामग्री लेकर सहारनपुर, उत्तर प्रदेश जाने वाले ट्रकों की एंट्री करवाता था। आरोप है कि एचएसईएनबी, यमुनानगर में तैनात एएसआई रजनी प्रत्येक ट्रक की एंट्री के बदले 1,000 रुपये की मांग करती थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी पहले भी दो अलग-अलग मौकों पर ट्रकों की एंट्री के बदले शिकायतकर्ता से कुल 5,000 रुपये ले चुकी थी। इसके बाद आरोपी ने पिछली एंट्री के बकाया 6,000 रुपये और मौजूदा एंट्री के 4,000 रुपये सहित कुल 10,000 रुपये की मांग की। बाद में यह राशि 9,500 रुपये तय हुई।
9,500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की करनाल यूनिट ने नियमानुसार ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी एएसआई रजनी को थाना एचएसईएनबी, सेक्टर-18, जगाधरी, जिला यमुनानगर के पास 9,500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। रिश्वत की पूरी राशि मौके से बरामद की गई। कार्रवाई राजपत्रित अधिकारी और शैडो विटनेस की मौजूदगी में की गई। आरोपी के खिलाफ अभियोग संख्या 15, दिनांक 26 अक्टूबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पंचकूला में मामला दर्ज किया गया है। यह ट्रैप कार्रवाई एसीबी करनाल यूनिट द्वारा की गई। मामले में आगे की जांच नियमानुसार जारी है।
भ्रष्टाचार की शिकायत ‘सतर्क हरियाणा’ ऐप और हेल्पलाइन पर करें
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें। नागरिक ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
