हरियाणा में ACB की बड़ी कार्रवाई, NOC पर हस्ताक्षर करने के बदले 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में सरपंच गिरफ्तार
चंडीगढ़/हिसार, 24 अक्टूबर 2026 : हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की हांसी यूनिट ने जिला हिसार के गांव चौधरीवास के सरपंच अशोक कुमार को 50,000 रुपये की रिश्वत मांगने के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि सरपंच ने गांव चौधरीवास में स्थित शिकायतकर्ता की दाल मील के अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) पर हस्ताक्षर करने के बदले रिश्वत की मांग की थी।
दाल मील की एनओसी के बदले मांगे थे 50 हजार रुपये
शिकायतकर्ता के अनुसार, गांव चौधरीवास में स्थित उसकी दाल मील के एनओसी पर हस्ताक्षर करने के बदले सरपंच अशोक कुमार ने 50,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी हांसी यूनिट ने नियमानुसार कार्रवाई की और मामले में ट्रैप लगाया। इस कार्रवाई के संबंध में आरोपी सरपंच को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हांसी यूनिट के नेतृत्व में की गई। इस मामले में अभियोग संख्या 43, दिनांक 24 अक्टूबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हिसार में मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई रहेगी जारी: ए सी बी प्रमुख श्री ए एस चावला ने कहा कि हरियाणा एसीबी सरकारी तंत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। ब्यूरो आमजन से अपील करता है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना एसीबी की ऐप सतर्क हरियाणा पर दें, ताकि शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके और भ्रष्टाचार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
