एसीबी की कार्रवाई: 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते पुलिस कांस्टेबल रंगे हाथ गिरफ्तार
फरीदाबाद, 21 जुलाई। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) की फरीदाबाद इकाई ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद पुलिस के एक कांस्टेबल को 2,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
क्या था मामला-
शिकायतकर्ता सौरभ ने ब्यूरो को शिकायत दी थी कि थाना एनआईटी-5, फरीदाबाद में तैनात कांस्टेबल पंकज उससे रिश्वत की मांग कर रहा है। आरोप है कि शिकायतकर्ता के चाचा फूल सिंह के नाम अदालत से जारी नोटिस/गैर-जमानती वारंट (NBW) के संबंध में जवाब तैयार करने के एवज में आरोपी कांस्टेबल ने 2,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की फरीदाबाद इकाई के प्रभारी इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में ट्रैप लगाया गया। ट्रैप के दौरान आरोपी कांस्टेबल को शिकायतकर्ता से 2,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रैप की पूरी प्रक्रिया भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 105 के प्रावधानों के अनुरूप संपन्न की गई। इस संबंध में एफआईआर संख्या 16 दिनांक 21 जुलाई 2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 में थाना SV&ACB, फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है।
