ACB Action: हरियाणा में ACB की बड़ी कार्ऱवाई, 3 रिश्वतखोर कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ा
ACB Action: हरियाणा के कैथल में एंटी करप्शन ब्यूरो टीम ने पब्लिक हेल्थ विभाग के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट सहित 3 कर्मचारियों को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। ये कर्मचारी एक ठेकेदार से 30 लाख पेंडिंग बिल पास करने के बदले रिश्वत मांग रहे थे।
एंटी करप्शन ब्यूरो से ठेकेदार ने इसकी शिकायत की थी। जिसके बाद तीनों को ट्रैप लगाकर पकड़ लिया गया। तीनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच में पता चला कि रिश्वत के पैसे में से डिप्टी सुपरिंटेंडेट को 20 हजार रुपये और बाकी दोनों कर्मचारियों को 5-5 हजार रुपये मिलने थे।
करीब 30 लाख के बिल पेंडिंग
कैथल के ठेकेदार विशाल ने ACB में शिकायत दी थी कि उन्होंने साल 2016 से 2025 के दौरान पब्लिक हेल्थ विभाग के तहत कई विकास कार्य किए थे। इन कार्यों के लगभग 30 लाख रुपये के बिल पेंडिंग थे। इन बिलों को पास करने के बदले डिप्टी सुपरिंटेंडेंट कमल कांत और HKRN कर्मचारी बलजीत व अशोक उनसे 30 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे थे।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गिरफ्तारी
ACB ने रिश्वतखोर कर्मचारियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। प्लानिंग के अनुसार विशाल को 30 हजार रुपये देकर कर्मचारियों के पास भेजा गया। जैसे ही उन्होंने रिश्वत के पैसे पकड़े, वहां पहले से मौजूद ACB कर्मचारियों ने तीनों को पकड़ लिया। इस छापेमारी के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में DRDO चंद्रमोहन मौके पर उपस्थित थे।
इंस्पेक्टर बोले- दूसरों की भूमिका देख रहे
ACB इंस्पेक्टर सूबे सिंह का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में कोई अन्य कर्मचारी या अधिकारी शामिल तो नहीं है।
