फिजूलखर्ची और दिखावे पर करारा प्रहार — खरिया व नानूआना के परिवारों ने एक रुपये के शगुन में रचाया विवाह, समाज को दी नई राह
 

 
फिजूलखर्ची और दिखावे पर करारा प्रहार — खरिया व नानूआना के परिवारों ने एक रुपये के शगुन में रचाया विवाह, समाज को दी नई राह


सिरसा। बदलते दौर में जहां विवाह समारोहों में भव्यता, दिखावे और भारी-भरकम खर्च का चलन तेजी से बढ़ता जा रहा है, वहीं गांव खरिया और नानूआना के परिवारों ने सादगी और मितव्ययिता की दिशा में एक बड़ी और अनुकरणीय पहल की है। दोनों परिवारों ने बिना किसी तामझाम, आडंबर और अनावश्यक खर्च के सादे समारोह में विवाह संपन्न कर समाज को सादगी, समानता और जागरूकता का सशक्त संदेश दिया है। गांव खरिया निवासी डॉ. अमित पुत्र कुलदीप बांदर और गांव नानूआना निवासी रितु पुत्री प्रकाश ढुकिया ने आपसी सहमति एवं पारिवारिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए अत्यंत सादगी के साथ विवाह किया। इस ऐतिहासिक व प्रेरणादायक अवसर पर शगुन के तौर पर मात्र एक रुपया लिया गया, जो समाज में दहेज व दिखावे की प्रवृत्ति के खिलाफ एक मजबूत मिसाल है। समारोह के दौरान दोनों पक्षों के परिजनों, रिश्तेदारों और परिचितों ने नवविवाहित जोड़े डॉ. अमित और रितु को अपना स्नेह व आशीर्वाद प्रदान किया तथा उनके सुखद, स्वस्थ और खुशहाल दांपत्य जीवन की मंगलकामनाएं दीं। स्थानीय लोगों और प्रबुद्धजनों के बीच खरिया व नानूआना के इन दोनों परिवारों के निर्णय की व्यापक सराहना हो रही है। आज के समय में जब विवाह आयोजनों का बढ़ता खर्च कई परिवारों पर आर्थिक बोझ बनता जा रहा है, ऐसे में मात्र एक रुपये के शगुन के साथ विवाह करना सामाजिक कुरीतियों व फिजूलखर्ची पर रोक लगाने की दिशा में एक बड़ा और सराहनीय कदम है, जिससे अन्य परिवारों को भी प्रेरणा मिलेगी।