‘हरियाणा विकास एवं शहरी क्षेत्र विनियमन अधिनियम, 1975’ के 51 वर्ष पूर्ण होने पर एक राउंडटेबल चर्चा का आयोजन कल
इस संबंध में जानकारी देते हुए एक प्रवक्ता ने बताया कि इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्य सचिव, श्री अनुराग रस्तोगी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
राउंडटेबल चर्चा का उद्देश्य वर्ष 1975 के अधिनियम की विरासत एवं प्रभाव का पुनरावलोकन करना तथा वर्तमान नगरीय चुनौतियों के समाधान एवं सतत विकास के भावी मार्गों में इसकी विकसित होती भूमिका पर चर्चा करना है।
प्रवक्ता ने बताया कि कार्यक्रम के तीन सत्र होंगे जिन्हें लीडर्स राउंडटेबल,प्लानर्स राउंडटेबल तथा रियल एस्टेट उद्योग राउंडटेबल में विभाजित किया गया है। लीडर्स राउंडटेबल में ग्राम एवं नगर आयोजन विभाग के सेवारत व सेवानिवृत सचिव, प्रधान सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं निदेशक स्तर के अधिकारी शामिल होंगे। जबकि प्लानर्स राउंडटेबल में राज्य के कार्यरत एवं सेवानिवृत्त नगर नियोजक अधिकारी तथा रियल एस्टेट उद्योग राउंडटेबल में रियल एस्टेट से जुड़े जाने माने डेवलपर्स एवं विशेषज्ञ शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि राउंड टेबल चर्चा से निकलने वाले परिणामों व अनुभवों के आधार पर प्रशासनिक, तकनीकी एवं औद्योगिक दृष्टिकोण सांझा करना है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में हर परिवार को छत उपलब्ध करवाने के लिए ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश सरकार प्लॉट व फ्लैट्स उपलब्ध करवा रही है। सरकार के इस मिशन को साकार करने में टाउन प्लानर्स की अहम भूमिका है जो नियोजित, आर्थिक, वैज्ञानिक एवं कलात्मक विकास को प्रोत्साहित करने तथा ज्ञान आदान-प्रदान एवं सतत अवसंरचना आधारित पहल के माध्यम से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विकास हेतु प्रतिबद्ध है।
