रिटायर्ड फौजी ने सरपंच बनकर बदल डाली हरियाणा के इस गांव की तस्वीर, खूबसूरती के आगे नतमस्तक हो जाएंगे आप
हरियाणा के हिसार जिले का एक गांव आजकल सुर्खियों में छाया हुआ है। किसी भी क्षेत्र में देखे तो आज यह गांव अन्य गांवों के लिए एक उदाहरण पेश कर रहा है। किसी भी कोने से आप इस गांव में प्रवेश करेंगे तो वहां की खूबसूरती आपके मन को मोह लेगी। साफ-सफाई से लेकर पक्की गलियां जैसी न जाने कितनी मूलभूत सुविधाएं इस गांव को विशेष पहचान दिला रही है।

हरियाणा का सबसे सुंदर गांव
आदमपुर क्षेत्र का सलेमगढ़ गांव आजकल अपनी खूबसूरती और विकास कार्यों की बदौलत चौतरफा सुर्खियां बटोर रहा है। यहां जब से रिटायर्ड फौजी ने सरपंच बनकर गांव की कमाल संभाली है तो गांव में विकास कार्यों की झड़ी लगी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि आज से पहले कभी भी गांव में इतने विकास कार्य नहीं हुए थे जितने अब पिछले चार सालों में हुए हैं। मौजूदा सरपंच की कार्यशैली से ग्रामीण इतने ज्यादा प्रभावित हैं कि खुले दिल से कह रहे हैं कि अब चुनाव की जरूरत नहीं है, इसी सरपंच को लगातार सर्वसहमति से निर्वाचित करते रहो।

सलेमगढ़ गांव में विकास कार्यों की बात करें तो गलियां,बस स्टैंड, जोहड़, शमशान घाट, धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल आदि सबकुछ चकाचक कर रहा है। इन जगहों पर रंग-बिरंगी लाइटें, रंगीन टाइलें और रंग-रोगन खूबसूरती में चार-चांद लगा रहे हैं। पार्कों की खूबसूरती ऐसी हैं कि देखने वाला निहारता ही रह जाता है। पार्क में हरियाली, बच्चों के लिए झुले, बुजुर्गों के बैठने के लिए सीमेंटेड गोल टेबल के साथ चारों ओर रंग-बिरंगी कुर्सियां, रात्रि के समय दुधिया रोशनी से जगमगाती एलईडी लाइट्स इसकी खूबसूरती को और बढ़ा रही है।
खिलाड़ियों के लिए बात करें तो ग्राम पंचायत की ओर से स्टेडियम में प्रशिक्षण से जुड़ी कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। दौड़ लगाने के लिए ट्रैक, जिम की सुविधा, फुटबॉल, बास्केटबॉल का अलग से मैदान, ग्राउंड में बिजली-पानी, पीने का साफ पानी, साफ-सुथरे शौचालय, एलईडी लाइट्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

जोहड़ के अंदर सोलर पैनल स्थापित कर फव्वारे लगाएं गए हैं। कचरा उठान के लिए पूरा दिन गांव में गाड़ी घूमती है। पक्षियों के लिए विशेष पक्षी घर बनाया गया है। गांव के चारों ओर पेड़-पौधे और हरियाली का विशेष ध्यान रखा गया है। यूं कहें कि सरपंच साहब द्वारा इस गांव को किसी लग्जरी सेक्टर की तर्ज पर विकसित किया गया है और इस दिशा में निरंतर नए प्रयास अभी भी जारी है।
एक और बड़ी खासियत
सलेमगढ़ गांव अपनी एक और खासियत की वजह से चर्चाओं में बना हुआ है। यहां गांव की सभी गलियों को नंबर (गली नंबर- 1, गली नंबर-2) दिया गया है ताकि बाहर से आने वाले लोगों को किसी के घर पहुंचने में आसानी हो सके। बाहरी व्यक्ति गांव में आकर पूछेगा कि उसे फलाना नंबर गली में जाना है तो गांव के लोग उसे झट से उस रास्ते पर भेज देंगे।

गांव को देखने के लिए चंडीगढ़ से आई स्पेशल टीम
ग्रामीणों ने बताया कि वृद्धाश्रम, पंचायत घर,बस स्टैंड, जोहड जैसी सभी सार्वजनिक जगहों पर वाटर कूलर लगे हुए हैं। वृद्धाश्रम में बैठने के लिए कुर्सियां, चारपाई, बिजली-पानी की सुविधा, बाहरी व्यक्ति के लिए ठहरने और भोजन की सुविधा मिलेगी। इस गांव की खूबसूरती को देखने के लिए स्पेशल चंडीगढ़ से टीम आई थी। इस टीम ने सलेमगढ़ गांव के सरपंच की तारीफों के कसीदे पढ़े थे।
गांव के अंदर बच्चों को भी कई विशेष सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। शहर में आवागमन के लिए सार्वजनिक परिवहन सुविधा और गांव में हाईटेक लाईब्रेरी बनाई गई हैं जहां बच्चों को कम्प्यूटर, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सभी तरह की पुस्तकें उपलब्ध कराई गई है।
