पंचायत के निर्माण कार्य की राशि जारी करने के एवज में 75 हजार रुपये रिश्वत मांगने वाला निजी व्यक्ति रंगे हाथों गिरफ्तार

 
पंचायत के निर्माण कार्य की राशि जारी करने के एवज में 75 हजार रुपये रिश्वत मांगने वाला निजी व्यक्ति रंगे हाथों गिरफ्तार

 

चंडीगढ़, 25 अगस्त। हरियाणा राज्य चौकसी एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV & ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करनाल जिले में ग्राम पंचायत के निर्माण कार्य की बकाया राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने वाले एक निजी व्यक्ति को 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजीव निवासी गांव रिसालवा, तहसील असंध, जिला करनाल के रूप में हुई है। मामले में ग्राम पंचायत रिसालवा के पंचायत सचिव सुखबीर की भी संलिप्तता सामने आई है, जो फिलहाल फरार है।

क्या था मामला-

मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता की फर्म द्वारा ग्राम रिसालवा में सामान्य चौपाल की चारदीवारी के निर्माण का कार्य किया गया था। इस कार्य की कुल भुगतान राशि ₹5,16,800 थी। आरोप है कि उक्त भुगतान के चेक जारी करने के बदले आरोपी राजीव ने शिकायतकर्ता से कुल राशि का 17 प्रतिशत कमीशन, यानी ₹75,000 की अवैध रिश्वत, की मांग की थी। आरोप है कि यह राशि ग्राम पंचायत के सरपंच तथा पंचायत सचिव सुखबीर के नाम पर मांगी गई थी।

शिकायत प्राप्त होने के बाद SV & ACB करनाल के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी राजीव को 75 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। ट्रैप कार्रवाई राजपत्रित अधिकारी एवं शैडो गवाह की मौजूदगी में की गई। आरोपी के कब्जे से 50 हजार रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई है। इस संबंध में FIR No. 21 dated 24.08.2026, धारा 7 एवं 7A, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत थाना SV & ACB करनाल में मामला दर्ज किया गया है। मामले में फरार आरोपी पंचायत सचिव सुखबीर की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

एसीबी ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सरकारी कार्यों की आड़ में रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ SV & ACB की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।