नीट यूजी परीक्षा के अग्रिम प्रबंधों को लेकर बैठक आयोजित, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश
अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी नोडल अधिकारियों व डयूटी मजिस्ट्रेट को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूर्ण कर लिए जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि 3 मई को आयोजित होने वाली नीट यूजी परीक्षा के लिए जिले में 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। इन परीक्षा केंद्रों पर 6 हजार 776 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। एनटीए द्वारा आयोजित यह नीट परीक्षा दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा, जिसके बाद प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, शांतिपूर्ण और नकल-रहित वातावरण में संपन्न करवाने के लिए नोडल अधिकारी, ऑब्जर्वर व डयूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए जा चुके है। अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, स्वास्थ्य, पार्किंग व यातायात की सुचारू व्यवस्था सहित अन्य प्रबंध समय रहते पूर्ण कर लिए जाए।
दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केंद्रों पर व्हील चेयर व स्क्राईब की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक, फ्रिस्किंग जोन व जैमर को समय रहते लगवाना सुनिश्चित किया जाए। अतिरिक्त उपायुक्त ने निर्देश दिए कि कलेक्शन सेंटर से परीक्षा केंद्रों तक पेपर लाने व वापसी कलेक्शन सेंटर में जमा करवाने पूरी प्रक्रिया पूर्णत: पारदर्शी एवं सुरक्षा निगरानी में होनी चाहिए।
इस अवसर पर डीएसपी संजीव कुमार, सिविल सर्जन डॉ सपना गहलावत, डयूटी मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
