साई सेंटर बहालगढ़ में खेल और देशभक्ति का संगम, मंत्री ने फहराया 100 फुट ऊंचा तिरंगा 

 
साई सेंटर बहालगढ़ में खेल और देशभक्ति का संगम, मंत्री ने फहराया 100 फुट ऊंचा तिरंगा

हरियाणा के खेल, युवा, अधिकारिता एवं उद्यमिता राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने शुक्रवार को सोनीपत में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने साई सेंटर परिसर में 100 फुट ऊंचे गगनचुंबी तिरंगे को फहराया तथा साई परिसर में भारत माता की प्रतिमा का अनावरण भी किया। उन्होंने जापान के लिए रवाना होने वाले तीरंदाजी व सेपक टकरा के खिलाड़ियों को फूल देकर उनकी हौसला-अफजाई करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दी।

राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि साई सेंटर परिसर में स्थापित भारत माता की प्रतिमा और गगनचुंबी तिरंगा खिलाड़ियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ उन्हें देश की शान को बनाए रखने के लिए निरंतर प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के बल पर देश और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

उन्होंने हाल ही में संपन्न कॉमनवेल्थ गेम्स में हरियाणा की बेटियों के शानदार प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की महिला खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर पदक तालिका में हरियाणा को 12वें स्थान से सीधा चौथे स्थान पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि हरियाणा का प्रत्येक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, लगन और मेहनत के दम पर देश के लिए गौरव हासिल करेगा।

 

उन्होंने जापान में आयोजित होने वाले 20वें एशियन गेम्स में हिस्सा लेने के लिए रवाना होने वाले तीरंदाजी व सेपक टकरा खेल से जुड़े खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना भी की। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वे पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लें और देश एवं प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने साई के अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों का भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आभार व्यक्त किया।