फरीदाबाद में गहरे बोरवेल में गिरी 3 साल की बच्ची की मौत, 10 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन 

 
 फरीदाबाद में गहरे बोरवेल में गिरी 3 साल की बच्ची की मौत, 

 

Faridabad News: फरीदाबाद के सीही गांव में बोरेवेल में गिरी बच्ची नेहा को सोमवार सुबह बाहर निकाला गया। लेकिन 3 साल की मासूम जिंदगी की जंग हार गई। करीब 10 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद नेहा को सोमवार सुबह करीब 4 बजे बोरवेल से बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया। लेकिन यहां डॉक्टरों ने नेहा को मृत घोषित कर दिया।

क्या है मामला ?
ये घटना सीही गांव में  बीते रविवार शाम करीब 7 बजे हुई। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के रहने वाले रामदीन का परिवार कई सालों से सीही गांव में रह रहा था। बीते रविवार को रामदीन काम पर गया हुआ था। उसकी तीन साल की बेटी नेहा बोरवेल के पास खड़े एक ट्रैक्टर पर चढ़कर खेल रही थी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह 250 फीट गहरे बोरवेल में गिर गई। 

हादसे की सूचना मिलते ही NDRF और SDRF ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया था। करीब 10 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन बाद सोमवार सुबह 4 बजे बच्ची को बाहर निकाला गया। उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। उसे तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बच्ची के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा और इसके बाद ही बच्ची की मौत के सही कारणों का पता चलेगा।

एनडीआरएफ अधिकारियों के मुताबिक बोरवेल कई साल से बंद था, लेकिन करीब 125 फीट की गहराई पर गंदा पानी भरा हुआ था। इससे रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी परेशानी आई। बच्ची करीब 200 फीट से ज्यादा गहराई पर अटकी हुई थी और उसका सिर नीचे की तरफ था। काफी मशक्कत के बाद टीम ने उसके पैर की मदद से उसे बाहर निकाला।