बादली क्षेत्र में 79 किलोमीटर सड़क नेटवर्क होगा सुदृढ़, ग्रामीण संपर्क मार्गों की बदलेगी तस्वीर : डीसी

 
बादली क्षेत्र में 79 किलोमीटर सड़क नेटवर्क होगा सुदृढ़, ग्रामीण संपर्क मार्गों की बदलेगी तस्वीर : डीसी

बहादुरगढ़/बादली, 07 जुलाई
हरियाणा सरकार द्वारा झज्जर जिला के बादली विधानसभा क्षेत्र में सड़क तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए लोक निर्माण विभाग(भवन एवं सड़कें) के माध्यम से 31 सड़क विकास परियोजनाओं के लिए 56.23 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि सड़क तंत्र की मजबूती विकास का आधार बन रही है, ऐसे में सरकार की ओर से जनसुविधा को देखते हुए सड़कों के सुधारीकरण पर फोकस किया है। उन्होंने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से बादली विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क मजबूत होगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। डीसी ने बताया कि सरकार द्वारा इन परियोजनाओं के तहत 78.676 किलोमीटर लंबाई की विभिन्न सड़कों का सुधार, चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण, पुनर्निर्माण, सतह उपचार, सीसी पेवमेंट तथा बिटुमिनस कार्य किए जाएंगे।

बादली क्षेत्र के लोगों को मिलेगी बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं के पूर्ण होने से बादली विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही कृषि उत्पादों के परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच और अधिक आसान होगी। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत सड़क नेटवर्क विकसित कर क्षेत्र के समग्र विकास को गति देना है।

इन सड़क मार्गो को किया जाएगा मजूबत
डीसी वर्षा खांगवाल ने विभाग के माध्यम से मिली प्रशासनिक स्वीकृति के बारे में बताया कि दक्षिणी बादली बाईपास, बाढ़सा-रावता बॉर्डर मार्ग, बादली-पेलपा-सोंधी-याकूबपुर मार्ग,बादली-दुलीना मार्ग, पाटौदा-नूरगढ़ मार्ग, सिलानी आंतरिक सड़क, गांव रईया-कुंजिया मार्ग, ढाकला -बिठला मार्ग,गांव सुबाना-सरोला मार्ग, सिलानी जालिम से एसएच-22 मार्ग सहित अनेक महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों का सुधार एवं पुनर्निर्माण शामिल है। उन्होंने बताया कि इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी, यात्रा समय में कमी आएगी तथा ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।