जींद के 6 गांवों को मिली बड़ी खुशखबरी, हांसी ब्रांच से मिलेगा पीने के लिए नहरी पानी

 
 जींद के 6 गांवों को मिली बड़ी खुशखबरी, हांसी ब्रांच से मिलेगा पीने के लिए नहरी पानी

 

जींद जिले के आधा दर्जन गांवों की आबादी के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से पीने के पानी की किल्लत झेल रहे इन गांवों के लोगों को बहुत जल्द राहत मिलने जा रही है। जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा इन गांवों में पेयजल व्यवस्था नहरी पानी से मजबूत करने की योजना बनाई गई है।

नहरी पानी से बुझेगी प्यास 

जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा जींद शहर से सटे जलालपुर कलां, ईंटल कलां, ईंटल खुर्द, जाजवान, ढांडा खेड़ी और संगतपुरा में नहरी पानी पहुंचाने के लिए हांसी ब्रांच नहर पर बीड़ के पास पंपिंग स्टेशन बनाया जाएगा। इस योजना पर करीब 35 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी।

विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इन सभी गांवों में अलग-अलग जलघर विकसित किए जाएंगे और पंपिंग स्टेशनों से जलघरों तक पाइपलाइन बिछाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत गांवों तक सिर्फ नहरी पानी पहुंचाना ही नहीं बल्कि पानी के भंडारण, शुद्धिकरण और नियमित सप्लाई के लिए पूरा ढांचा विकसित किया जाएगा। विभाग द्वारा इस योजना पर काम शुरू कर दिया गया है और इसके लिए टेंडर जारी हो चुका है।

ट्यूबवेल से खत्म होगी निर्भरता 

वर्तमान में इन सभी छह गांवों में लोग पीने के पानी के लिए सबमर्सिबल और ट्यूबवेल पर ही निर्भर थे। ऐसे में नहरी पानी उपलब्ध होने से पेयजल का एक अतिरिक्त और व्यवस्थित स्रोत मिलेगा। लंबे समय से इन गांवों में नहरी पानी पहुंचाने की मांग उठाई जा रही थी, जो अब जाकर पूरी हो रही है। अब परियोजना के तहत पंपिंग स्टेशन, पाइपलाइन, जलघर, सोलर बिजली और शुद्धिकरण व्यवस्था को एक साथ विकसित किया जा रहा है। इससे इन गांवों की लगभग 40 हजार आबादी को सीधी राहत पहुंचेगी।