निक्षय मित्र पहल के तहत टीबी मरीजों को मिली 300 पोषण किट
सिरसा, 04 अगस्त।
टीबी उन्मूलन की दिशा में जनसहभागिता को बढ़ावा देते हुए राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के तहत मंगलवार को जिला सिरसा में निक्षय मित्र पहल के अंतर्गत टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पोषण किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मान मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, सिरसा के डॉ. गुरकमल ने निक्षय मित्र के रूप में सामाजिक दायित्व निभाते हुए जिले के टीबी मरीजों के लिए 300 पोषण किट भेंट कीं। कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. पवन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उप सिविल सर्जन डॉ. विपुल गुप्ता तथा उप सिविल सर्जन डॉ. प्रतीक गोयल भी मौजूद रहे।
डॉ. गुरकमल द्वारा प्रदान की गई 300 पोषण किटों में से 100 किट सिरसा ब्लॉक के लिए तथा 40-40 किट रानियां, ऐलनाबाद, डबवाली, ओढ़ां एवं नाथूसरी चौपटा ब्लॉकों के लिए उपलब्ध कराई गईं। इन पोषण किटों के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उपचाराधीन टीबी मरीजों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनके स्वास्थ्य लाभ में सहायता मिलेगी।
सिविल सर्जन डॉ. पवन कुमार ने कहा कि टीबी के प्रभावी उपचार में नियमित दवाइयों के साथ-साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। निक्षय मित्र पहल समाज की सहभागिता को बढ़ावा देने वाली एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से टीबी मरीजों को पोषण, देखभाल एवं सामाजिक सहयोग प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य जनसहयोग के माध्यम से टीबी मुक्त भारत का सपना साकार करना है।
उप सिविल सर्जन (टीबी) डॉ. प्रतीक गोयल ने कहा कि इस प्रकार का सहयोग टीबी मरीजों के उपचार एवं मनोबल दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने समाजसेवी संस्थाओं, औद्योगिक प्रतिष्ठानों तथा आम नागरिकों से भी निक्षय मित्र बनकर इस अभियान से जुडऩे और टीबी उन्मूलन में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम समन्वयक विपिन कुमार, जिला पीपीएम समन्वयक राजेश कुमार, एसटीएस राकेश कुमार, टीबीएचवी संजय वर्मा तथा भारती मौजूद रहे।
