20वीं राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप का 9 अक्तूबर को होगा भव्य आगाज:- गजेंद्र फौगाट

 

- एंटी-डोपिंग अभियान की भी होगी शुरुआत, देशभर से खिलाड़ी दिखाएंगे खेल प्रतिभा
रोहतक, 8 अक्तूबर। 20वीं राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप 2026 का भव्य आगाज शुक्रवार 9 अक्तूबर को महार्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू), रोहतक में होगा। तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 11 अक्तूबर तक किया जाएगा, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में खिलाड़ी हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा एवं कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम, एशियन गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ी तथा देश के प्रख्यात कलाकार विशेष रूप से शामिल होंगे। उद्घाटन समारोह को खेल प्रतिभाओं के साथ-साथ हरियाणवी संस्कृति एवं लोक कला की प्रस्तुतियों से भी आकर्षक बनाया जाएगा।
हरियाणा फ्लोरबॉल एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र फौगाट, खेल निदेशक कुलताज सिंह तथा उपाध्यक्ष दीपेंद्र आर्य ने चैंपियनशिप की तैयारियों एवं कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से खिलाड़ी भाग लेकर फ्लोरबॉल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। चैंपियनशिप का आयोजन नशे एवं डोपिंग के खिलाफ जागरूकता के संदेश के साथ किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह के दौरान एंटी-डोपिंग अभियान की शुरुआत की जाएगी तथा खिलाड़ियों को नशे एवं प्रतिबंधित पदार्थों से दूर रहने की शपथ दिलाई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा खेलों के माध्यम से सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि उद्घाटन समारोह में एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता एवं भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान सुनील मलिक, आशिमा अहलावत सहित अन्य खेल प्रतिभाओं की भी मौजूदगी रहेगी। खिलाड़ियों के साथ-साथ खेल प्रेमियों के लिए भी यह समारोह विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। समारोह में हरियाणवी संस्कृति एवं लोक कला की रंगारंग प्रस्तुतियां भी होंगी। प्रसिद्ध हरियाणवी कलाकार अमित सैनी रोहतकिया, प्रदीप बूरा, पूजा हुड्डा एवं वीर साहू सहित अन्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
फ्लोरबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष दीपेंद्र आर्य ने कहा कि इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप का उद्देश्य देश में फ्लोरबॉल खेल को बढ़ावा देने के साथ-साथ अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें नशे तथा डोपिंग से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।