Haryana: हरियाणा में 18 साल की युवती बनेगी जैन साध्वी, केसर रस्म में मां ने खुद किया तैयार
Haryana: हरियाणा के रोहतक में 18 साल की लब्धि जैन जल्द ही जैन साध्वी बनने जा रही हैं। बुधवार को जनता कॉलोनी स्थित उनके आवास पर केसर रस्म का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में जैन धर्म के अनुयायी शामिल हुए। बुधवार को जनता काॅलोनी स्थित विवेक जैन के घर पर लब्धि जैन की केसर रस्म अदा की गई। विवेक जैन और उनकी पत्नी अंकिता जैन लब्धि जैन के धर्म के माता-पिता बने। मौके पर लब्धि की मां सेंजल और पिता जय प्रकाश भी मौजूद रहे। उनकी मां सेंजल जैन ने खुद बेटी को केसर रस्म के लिए तैयार किया और कहा कि बेटी धर्म के मार्ग पर चल रही है, ये हमारे लिए गर्व की बात है। वह अब हमारी नहीं, भगवान का रूप होगी। इस रस्म में लब्धि के धर्म माता-पिता विवेक और अंकिता जैन बने। धर्म माता अंकिता ने बताया कि इस मौके पर 200 ग्राम कश्मीरी केसर में गुलाब मिलाकर लेप तैयार किया गया और पूरे घर में केसर का छिड़काव किया गया। 28 मई को हुई केसर रस्म के बाद 4 जून को मेहंदी रस्म व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसके पश्चात 5 जून को दीक्षा महोत्सव, तिलक रस्म, भव्य शोभा यात्रा और कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर आचार्य डॉ. शिव मुनि स्वयं लब्धि को दीक्षा देंगे। दीक्षा के साथ ही लब्धि संसार के मोह-माया से मुक्त होकर आध्यात्मिक जीवन की ओर कदम बढ़ाएंगी।
