Haryana: हरियाणा में 1050 KG डोडा पोस्त हुआ बरामद, टीम को ऐसे मिली बड़ी सफलता

 
Haryana: हरियाणा में 1050 KG डोडा पोस्त हुआ बरामद, टीम को ऐसे मिली बड़ी सफलता
Haryana: हरियाणा एंटी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने दो कैंटरों और एक पिकअप से बड़ी मात्रा में नशे की सामग्री बरामद की है। बताया जा रहा हैं कि टीम को दो अलग-अलग मामलों में कुल 1050 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ है। HANCB की फतेहाबाद इकाई ने सोमवार देर रात से मंगलवार सुबह तक दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में डोडा पोस्त बरामद किया।

यहां हुई पहली कार्रवाई

मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने शहर की अंजलि कॉलोनी में एक प्लॉट में खड़े महाराष्ट्र और राजस्थान नंबर के कैंटरों तथा एक पिकअप वाहन से 960 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। इस मामले में पंजाब के तलवंडी राणा निवासी विरेंद्र को संदिग्ध बताया जा रहा है। विरेंद्र वाहनों की खरीद-फरोख्त का काम करता है और पिछले करीब पांच सालों से अंजलि कॉलोनी में उसका मकान भी है। पुलिस ने कैंटरों से डोडा पोस्त से भरे बैग जब्त कर उनकी तौल की।

दूसरी कार्रवाई

बता दें कि दूसरी कार्रवाई में बाइपास के स्वामी नगर मोड़ के पास हिसार के बुडाखेड़ा निवासी धर्मपाल को 90 किलोग्राम डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।