Haryana: हरियाणा में बनेगी 10 नई IMT, लाखों युवाओं को मिलेगा रोजगार
Jun 15, 2025, 15:59 IST
Haryana: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार ने उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश में एक अनुकूल और सुदृढ़ औद्योगिक वातावरण तैयार किया है। इसके परिणामस्वरूप हरियाणा न केवल राष्ट्रीय स्तर पर, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उद्योगों और कंपनियों की पहली पसंद बन चुका है। मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों से आग्रह किया है कि वे हरियाणा में अपनी औद्योगिक इकाइयां स्थापित कर प्रदेश की प्रगति और विकास में सक्रिय रूप से भागीदार बनें। मॉडल टाउनशिप स्थापित किये जाएंगे उन्होंने कहा कि प्रदेश में 10 नये औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) विकसित की जाएंगी जिसकी योजना बनाई जा रही है। इसके अलावा, नवोदित उद्यमियों को सहयोग देने के लिए सरकार स्टार्टअप इकोसिस्टम को बेहतर बना रही है। अनुसंधान और विकास तथा निजी निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार फंड आफ फंड्स बना रही है। डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर का गठन किया गया उन्होंने कहा कि भविष्य की प्रौद्योगिकियों और नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर का गठन किया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि एक समावेशी बजट परिकल्पना को साकार करने के लिए उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से बजट पूर्व परामर्श किया और उनके सुझाव आमंत्रित किए। इसी क्रम में उन्होंने उद्योगपतियों और स्टार्टअप्स से भी परामर्श लिया, उनके अनुभव जाने और सुझाव प्राप्त किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगपतियों और स्टार्टअप्स से मिले उत्कृष्ट सुझावों को बजट में शामिल किया गया है।
