हरियाणा में 2 मार्च 2025 को होने वाले मेयर चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शुक्रवार (14 फरवरी) को अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। बीजेपी ने फरीदाबाद, हिसार, करनाल, पानीपत, रोहतक, यमुनानगर, सोनीपत, अंबाला और गुरुग्राम के लिए अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। इस सूची में हरियाणा बाल आयोग के चेयरमैन प्रवीन जोशी का नाम भी शामिल है।
बीजेपी के इन नेताओं को मिला टिकट
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से विचार-विमर्श के बाद प्रदेश चुनाव समिति ने इन नामों पर मुहर लगाई। पार्टी ने इन नौ उम्मीदवारों को टिकट दिया है:
- फरीदाबाद: प्रवीन जोशी (हरियाणा बाल कल्याण आयोग के चेयरमैन)
- हिसार: प्रवीन पोपली (नमो ऐप के प्रदेश सह-संयोजक)
- करनाल: रेणुबाला गुप्ता (कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ की प्रदेश संयोजक)
- पानीपत: कोमल सैनी (ओबीसी मोर्चा की प्रदेश सचिव)
- रोहतक: रामअवतार वाल्मिकी (एससी मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष)
- यमुनानगर: सुमन बहमनी (एससी मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य)
- सोनीपत: राजीव जैन (मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार)
- अंबाला: सैलजा सचदेवा (महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य)
- गुरुग्राम: उषा प्रियदर्शी
कांग्रेस भी मैदान में, अपने सिंबल पर लड़ेगी चुनाव
दूसरी ओर, कांग्रेस ने भी नगर निकाय चुनावों के लिए कमर कस ली है। सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस अपने सिंबल पर चुनाव लड़ेगी और मजबूत उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने कहा, “हमारे कार्यकर्ता पूरी मेहनत करेंगे और जनता हमें सेवा करने का अवसर देगी।”
बीजेपी बनाम कांग्रेस – किसकी होगी जीत?
हरियाणा के इस निकाय चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। बीजेपी ने अपनी रणनीति के तहत विभिन्न मोर्चों के नेताओं को टिकट देकर जातिगत और क्षेत्रीय समीकरण साधने की कोशिश की है, जबकि कांग्रेस स्थानीय स्तर पर मजबूत प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है।
अब देखने वाली बात होगी कि 2 मार्च 2025 को जनता किस पार्टी के प्रत्याशियों को चुनती है।