हरियाणा में गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गानों के खिलाफ सरकार की कार्रवाई तेज हो गई है। राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए पिछले 24 घंटों में पांच गानों को यूट्यूब से हटवा दिया है। सरकार की नीतियों का हवाला देते हुए इन गानों को बैन किया गया है। हटाए गए गानों में मशहूर हरियाणवी गायक मासूम शर्मा, सुमित पारता, अमित सैनी रोहतकिया, हर्ष संधु और राज मावर के गाने शामिल हैं।
बैन किए गए गाने और कलाकार
शुक्रवार और शनिवार को हटाए गए गानों की सूची इस प्रकार है:
- अमित सैनी रोहतकिया – एफिडेविट
- मासूम शर्मा – 2 बंदे
- सुमित पारता – पिस्तौल
- हर्ष संधु – बंदूक
- राज मावर और मनीषा शर्मा – बदमाशी
इनमें से दो गानों में हरियाणवी स्टार प्रांजल दहिया ने अभिनय किया था। अब तक सरकार द्वारा कुल 14 गाने यूट्यूब से हटाए जा चुके हैं।
हरियाणवी इंडस्ट्री में मचा हड़कंप
गानों के हटने के बाद हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है। कई सिंगर अपने गन कल्चर वाले गानों को हटाकर उनकी जगह नए गाने अपलोड करने में जुट गए हैं।
सिंगर सुमित पारता के गाने पिस्तौल को जैसे ही यूट्यूब से हटाने का नोटिस मिला, उनकी टेक्निकल टीम ने तेजी दिखाते हुए उसी गाने की जगह दूसरा गाना अपलोड कर दिया। अब यूट्यूब पर पिस्तौल सर्च करने पर नया गाना दिखाई दे रहा है।
सरकार की नीति और आगे की कार्रवाई
हरियाणा सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गानों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई कलाकार ऐसे गानों का प्रचार करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
सरकार की इस सख्ती के बाद अब देखना होगा कि हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री खुद को किस तरह ढालती है और कलाकार अपने गानों में क्या बदलाव करते हैं।